छत्तीसगढ़ / गरियाबंद

आपदा से निपटने की तैयारियों का जिला स्तरीय मॉक अभ्यास

 विभागों के बीच समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को परखा गया

मॉक ड्रिल में परखी गई आपदा प्रबंधन की तैयारियां

गरियाबंद, 20 अगस्त 2026

भारत सरकार राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, नई दिल्ली तथा छत्तीसगढ़ राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण गरियाबंद के संयुक्त तत्वावधान में आज जिला मुख्यालय गरियाबंद स्थित सर्किट हाऊस के समीप मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान कलेक्टर श्री बीएस उइके की उपस्थिति में प्राकृतिक आपदा एवं अन्य आपदा परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी बचाव एवं राहत कार्यों की तैयारियों को परखने के लिए जिला स्तरीय मॉक अभ्यास आयोजित किया गया। 
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभ्यास के दौरान डोंगरीगांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर एलपीजी गैस से भरे वाहन एवं मिनी ट्रक के बीच टक्कर से गैस रिसाव एवं ब्लास्ट की काल्पनिक स्थिति निर्मित कर उससे निपटने का अभ्यास किया गया। मॉक ड्रिल के दौरान दुर्घटना की सूचना प्राप्त होने से लेकर घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने, प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षित करने, गैस रिसाव की स्थिति में आवश्यक सावधानियां बरतने तथा संभावित आग एवं ब्लास्ट की स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। अभ्यास के दौरान आपदा की स्थिति में संबंधित विभागों की तत्परता, संसाधनों की उपलब्धता तथा आपसी सांमजस्य से नागरिकों को बिना विचलित हुए सहयोग पहुंचाया जा सके।
मॉक अभ्यास के दौरान कलेक्टर श्री उइके ने व्यवस्थाओं एवं बचाव कार्यों का अवलोकन किया। इस अवसर पर एसडीओपी सुश्री निशा सिन्हा, एसडीएम सुश्री हितेश्वरी बाघे, डिप्टी कलेक्टर सुश्री नेहा भेडि़या सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मॉक ड्रिल के दौरान अपनाई गई आपदा प्रबंधन प्रक्रिया का निरीक्षण किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अभ्यास के माध्यम से आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, जनहानि न होनेे तथा विभिन्न विभागों एवं राहत-बचाव दलों के बीच प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने की तैयारियों को परखा गया। इस दौरान राजस्व, पुलिस, होमगार्ड के जवान तथा ग्रामीण जन उपस्थित थे।

Leave Your Comment

Click to reload image