बिलासपुर पुलिस का अंतर्राज्यीय बसोर गिरोह पर प्रहार, 7 सदस्य गिरफ्तार
33 किलो चांदी और 125 ग्राम सोने के जेवर समेत 52 लाख का सामन जब्त
बिलासपुर । छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में हाल ही में सोने-चांदी की दुकानों में हुई चोरी की घटनाओं के मामले में बिलासपुर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने शातिर 'अंतर्राज्यीय बसोर गिरोह' के सात सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है, जो रायपुर, जांजगीर-चाम्पा, बालोद, बलौदा बाजार, अंबिकापुर और बिलासपुर जिले के सीपत व चकरभाठा में सक्रिय थे।
बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक संजीव शुक्ला और पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के मार्गदर्शन में, पुलिस ने घटना के बाद संदिग्धों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई अनुज कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ए.सी.सी.यू./ग्रामीण बिलासपुर और उनकी टीम द्वारा 7 दिन तक मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में कैंप कर की गई।
जांच की प्रक्रिया:
घटना के बाद पुलिस की टीम ने 500 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज की जांच की और संदिग्धों के शरीर पर टैटू के निशान की पहचान की। बिलासपुर सायबर सेल टीम ने राज्य के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पहले हुई चोरी की घटनाओं के संबंध में प्राप्त तकनीकी और स्थानीय सूचना के आधार पर गिरोह की पहचान की।
आरोपियों का कबूलनामा:
पूछताछ के दौरान, आरोपियों ने तपकरा जिला जशपुर में एक और ज्वेलरी शॉप में चोरी की योजना का खुलासा किया। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि उन्होंने बिलासपुर में चोरी की घटना के बाद चोरी का सामान अपने सहयोगियों को बेच दिया था।
इस महत्वपूर्ण सफलता के लिए पुलिस अधीक्षक बिलासपुर ने ए.सी.सी.यू. टीम, थाना सीपत और चकरभाठा पुलिस की प्रभावी कार्रवाई की सराहना की है। पुलिस महानिरीक्षक और पुलिस अधीक्षक द्वारा इस जटिल मामले को सुलझाने में शामिल सभी अधिकारियों और कर्मियों को नगद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।
पुलिस द्वारा आरोपियों से प्रदेश में हुई अन्य चोरी की घटनाओं के बारे में विस्तृत पूछताछ की जा रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
गिरफ्तारी और बरामदगी:
33 किलो चांदी के जेवर, 125 ग्राम सोने के जेवर, 4 लाख रुपये नगद, 1 होंडा सिटी कार, 1 पल्सर मोटरसाइकिल, 6 मोबाइल फोन सहित कुल 52 लाख रुपये की संपत्ति बरामद।