छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

तिरंगा हमारा गर्व, गौरव और अभिमान है : भावना बोहरा

विधायक बोहरा के नेतृत्व में पंडरिया में निकाली गई भव्य तिरंगा यात्रा

कवर्धा । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में तिरंगा यात्रा निकालकर देशवासियों को हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को पंडरिया में विधानसभा स्तरीय तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा का नेतृत्व विधायक भावना बोहरा ने किया, जिसमें सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और क्षेत्रवासियों से हर घर तिरंगा अभियान में शामिल होने का आग्रह किया।

इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा, "तिरंगा हमारा गर्व, गौरव और अभिमान है! इस तिरंगे की रक्षा और देश की स्वतंत्रता के लिए असंख्य राष्ट्रभक्तों, सेनानियों और वीर योद्धाओं ने अपना जीवन समर्पित कर दिया। हर घर तिरंगा यात्रा उन असंख्य राष्ट्रभक्तों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और राष्ट्रप्रेम के पुनर्जागरण का समय है, जिसमें हम सभी देशवासियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।"

उन्होंने आगे कहा, "हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य लोगों के दिलों में देशभक्ति की भावना जागृत करना और उन महान व्यक्तियों की याद दिलाना है, जिन्होंने इस राष्ट्र के निर्माण में अपना बहुमूल्य योगदान दिया। पिछले वर्ष इस अभियान को अपार सफलता मिली थी, और इस वर्ष भी इसके माध्यम से लोगों को उत्साह और देशभक्ति के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।"

भावना बोहरा ने कहा, "12 से 15 अगस्त तक चलने वाला यह राष्ट्रव्यापी अभियान देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को दर्शाता है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास के नए सोपान स्थापित कर रहा है। सैन्य शक्ति से लेकर अंतरिक्ष तक, भारत अपनी क्षमता का लोहा मनवा रहा है और पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर तेजी से बढ़ रहा है।"

उन्होंने कहा कि मोदी की कुशल नीतियों और शासकीय योजनाओं के माध्यम से आम लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है। स्वच्छता अभियान से लेकर उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी कई योजनाओं के माध्यम से देश के हर वर्ग को लाभ पहुंचाया गया है।

विधायक बोहरा ने अंत में सभी छत्तीसगढ़वासियों से आग्रह किया कि वे इस अभियान से जुड़कर अपने-अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराएं और अमर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करें।

 
 
 
 

 

 
 


 




 




 

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image