छत्तीसगढ़ / बालोद

कलेक्टर एवं वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों ने किया प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट का शुभारंभ

वेस्ट मैनेजमेंट के साथ-साथ बेहतर आमदनी का भी बनेगा महत्वपूर्ण जरिया

बालोद। कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ. संजय कन्नौजे सहित पवन साहू एवं अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में बुधवार 02 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर जिला मुख्यालय बालोद के समीपस्थ ग्राम सिवनी में प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट का शुभारंभ किया गया। उल्लेखनीय है कि यह प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेट यूनिट प्लास्टिक से बने चीजों के वेस्ट मैनेजमेंट के साथ-साथ यहाँ काम करने वाले स्वसहायता समूह के महिलाओं के बेहतर आमदनी का महत्वपूर्ण जरिया बनेगा। इस अवसर पर ग्राम सिवनी में प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट के शुभारंभ होने पर कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी इसकी  सराहना की। इस दौरान कलेक्टर एवं अतिथियों के द्वारा इस यूनिट का अवलोकन कर यूनिट में स्थापित किए गए मशीनों के कार्य पद्धति के संबंध में जानकारी ली। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ. संजय कन्नौजे ने बताया कि बालोद विकासखण्ड के सभी गांवों में डोर टू डोर कचरा संग्रहण के कार्य के अंतर्गत संग्रहित किए गए प्लास्टिक वेस्ट को ग्राम सिवनी के इस यूनिट में लाकर उनका उचित प्रंबधन किया जाएगा। यहाँ पर प्लास्टिक वेस्ट के प्रंबधन कार्य में लगे स्वसहायता समूह के महिलाओं के द्वारा प्लास्टिक वेस्ट का सेग्रीगेशन कर उसमें से उपयोगी बोतल, ढक्कन, तांबा आदि चीजों को एकत्र किया जाएगा। इसके पश्चात् इसकी बिक्री की भी उचित व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि इसमें से तांबा, तार आदि की चीजें बहुत कीमती होती है। इन चीजों की बिक्री की उचित व्यवस्था होने से इस कार्य में लगे महिलाओं को अच्छी खासी आमदनी हो सकेगी। डाॅ. कन्नौजे ने बताया कि इस प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट के महिलाओं को जिला मुख्यालय बालोद में स्थित एसएलआरएम सेंटर में भेजकर वेस्ट मैनेजमेंट तथा सेग्रीगेशन के कार्यों का प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बालोद विकासखण्ड में सिवनी के अलावा जिले के सभी विकासखण्डों में 01-01 प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट की स्थापना की जा रही है। इसके लिए जिले के सभी विकासखण्डों के पंचायतों की मैपिंग भी की गई है। इस अवसर पर कलेक्टर श्री चन्द्रवाल ने इस प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट इकाई का संचालन करने वाली महिलाओं से बातचीत कर उनके कार्यों के संबंध में जानकारी ली तथा इस इकाई का बेहतर संचालन करने की शुभकामना भी दी। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य कृतिका साहू एवं ललिता पीमन साहू सहित एसडीएम प्रतिमा ठाकरे झा के अलावा जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image