भाजपा विधायक के बेटे ने तेज रफ्तार कार से बाइक सवार को मारी टक्कर, युवक घायल
खंडवा । जिले के मोघट थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार भाजपा विधायक कंचन मुकेश तनवे के पुत्र की 'विधायक' लिखी कार ने पंधाना रोड स्थित सांघी पेट्रोल पंप के पास एक बाइक को टक्कर मार दी।
घटना रात करीब 7 बजे की बताई जा रही है। घायल युवक की पहचान कलीम उर्फ कल्लू, निवासी सोलह खोली, के रूप में हुई है, जो सब्जी मंडी की ओर से बाइक से निकल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार तेज थी, जिससे जोरदार टक्कर लगते ही युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गया। वहीं कार के भी परखच्चे उड़ गए हैं।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय रहवासी युवक को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा पदाधिकारी भी बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे। उधर, घायल युवक के स्वजन भी अस्पताल पहुंचकर उपचार की जानकारी ले रहे हैं।
फिलहाल यह मामला पुलिस तक नहीं पहुंचा है। मोघट थाना पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।