छत्तीसगढ़ / दुर्ग
खुर्सीपार क्षेत्र वार्ड 42 में स्वास्थ्य टीम का भ्रमण
दुर्ग । भिलाई नगर खुर्सीपार क्षेत्र वार्ड 42, गौतम नगर में संभावित पीलिया के मरीज प्राप्त होने की सूचना प्राप्त होने पर डॉ. मनोज दानी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, दुर्ग के निर्देश में डॉ. सी.बी.एस. बंजारे, जिला सर्वेलेंस अधिकारी, दुर्ग के मार्गदर्शन में डॉ. पियाम सिंग, प्रभारी अधिकारी, सिविल हॉस्पिटल सुपेला भिलाई व श्रीमती रितीका सोनवानी, जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट, दुर्ग द्वारा विजय सेजुले, सुपरवाईजर, हितेन्द्र कोसरे, बीईटीओ एवं स्थानीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता एवं मितानिनों के साथ प्रभावित क्षेत्र का भ्रमण किया गया।
सीएमएचओ डॉ दानी ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र का स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा नियमित सर्वे किया जा रहा है। 02 मार्च 2025 को कुल 245 घरों का सर्वे किया गया जहॉं कुल 21 संभावित पीलिया मरीज मिले हैं, 9 की जॉंच की गयी जिसमें से 06 पीलिया के मरीज मिले, 01 जिला अस्पताल में भर्ती किया गया, जिनका चिकित्सकीय उपचार किया जा रहा है। 03 मार्च 2025 को कुल 325 घरों का भ्रमण किया गया, जिसमें पीलिया के संभावित मरीज नहीं मिले। प्रभावित क्षेत्रों का पानी जॉंच के लिए 04 सैम्पल कार्यपालन अभियंता, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, दुर्ग को भेजा गया है।
जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग, दुर्ग समस्त जनता से अपील करता है कि उल्टी लगना, भूख न लगना, थकान महसूस होना, पेट में लगातार दर्द होना, बुखार आना जैसे पीलिया संबंधी लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र में जाकर चिकित्सकीय परामर्श लें, पीलिया का जॉंच करायें और अपने व परिवार का ध्यान रखें।
प्लेसमेंट केम्प का आयोजन 07 मार्च को
दुर्ग । कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी के मार्गदर्शन में जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र परिसर दुर्ग में 07 मार्च को प्रात: 10.30 बजे से प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन किया गया है। प्लेसमेंट केम्प में निजी नियोजक सीएनएसपी दुर्ग द्वारा कम्प्यूटर हार्डवेयर नेटवर्किंग एण्ड प्रिन्टर टेक्निशियन सीनियर 01 एवं जूनियर 02, सीसीटीवी टेक्निशियन 01, सेल्स मार्केटिंग रिकवरी कोआर्डिनेर 01 और निजी नियोजक एमएपी एनर्जी द्वारा फिटर/वेल्डर 30, इलेट्रिशयन 35, मेकनिक 15, रिगर 20, गैस कटर 15, हेल्पर 50 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए सीएनएसपी दुर्ग में आयु सीमा 25 से 30 वर्ष एवं शैक्षणिक योग्यता एक वर्ष डिप्लोमा, 12वी पास और अनुभवी को प्राथमिकता दी जाएगी।
इसी तरह एमएपी एनर्जी में आयु सीमा 18 प्लस एवं शैक्षणिक योग्यता ईटीआई/12वी एवं 10 वीं पास और अनुभवी को प्राथमिकता दी जाएगी। यह प्लेसमेंट केम्प केवल पुरूष अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र दुर्ग के उप संचालकआर.के.कुर्रे के अनुसार इच्छुक आवेदक समस्त शैक्षणिक मूल प्रमाण एवं अंकसूची, पहचान पत्र मतदाता परिचय पत्र, आधार कार्ड, पेन कार्ड, ड्रायविंग लाइसेंस रोजगार कार्यालय का पंजीयन पत्रक, छ.ग. निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र सभी दस्तावेजों की छायाप्रति के साथ कार्यालयीन समय पर जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र दुर्ग में उपस्थित हो सकते हैं।
पाटन के सरपंच-पंचों ने सांसद विजय बघेल से की मुलाकात
दुर्ग । पाटन विधानसभा के अन्तर्गत आने वाले ग्राम मटंग /बोदल के नव निर्वाचित सरपंच तथा पंचों ने शुक्रवार को दुर्ग सांसद विजय बघेल से मुलाक़ात किया! ज्ञात हो सरपंच अमित हिरवानी के अगुवाई में नवनिर्वाचित पंचों के साथ दुर्ग लोकसभा के सांसद विजय बघेल के निज निवास स्थित सेक्टर-5 में जाकर आत्मीय मुलाक़ात कर गुलदस्ता भेंट किया !
साथ ही मिठाई खिलाकर मुँह मीठा कर बधाई शुभकामनायें दिया! सांसद बघेल ने जन भावना के अनुरूप जनहित में कल्याणकारी योजनाओं जन-जन तक पंहुचाकर जन सेवा की दिशा में कार्य करने की बात कही! इस अवसर पर प्रमुख रूप से मनोज साहू, सूरेश ठाकुर, डिलेश कुमार,वार्ड पंच हितेश वर्मा, दादू वर्मा, धर्मेंद्र बंछोर, हेमू लाल, युगल कुमार, श्रीमती चंद्रिका बारले, श्रीमती राजकुमारी निर्मलकर, श्रीमती सरस्वती बाई, श्रीमती डाली यादव , श्रीमती निर्मला बाई,श्रीमती इन्द्राणी ठाकुर,श्रीमती लता गोयल, श्रीमती बिमला ठाकुर, श्रीमती पुष्पा मधुकर, गौरव ठाकुर, वेदराम यादव, श्रीमती वीणा साहू सहित उपस्थित रहे!
दोषमुक्ति में त्रुटियां रोकने IG रामगोपाल गर्ग ने की समीक्षा बैठक
भिलाई। आईजी दुर्ग रेंज रामगोपाल गर्ग की अध्यक्षता में कार्यालय सभागार कक्ष में रेंज के उप संचालक अभियोजन एवं लोक अभियोजन अधिकारियों के साथ दोषमुक्ति मामलों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियोजन से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों सहित पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान न्यायालय में प्रस्तुत प्रकरणों में दोषमुक्त हुए आरोपियों के मामलों का गहन विश्लेषण किया गया।
इस दौरान विवेचना में होने वाली त्रुटियों को रोकने, भौतिक साक्ष्य एकत्र करने में सावधानी बरतने और अभियोजन की सफलता दर बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में तकनीकी साक्ष्य एकत्र कर प्रस्तुत करने के महत्व परÓ विशेष चर्चा की गई, जिससे अभियोजन को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। इसमें सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन, साइबर फॉरेंसिक रिपोर्ट एवं अन्य डिजिटल साक्ष्यों को प्रभावी ढंग से संकलित कर कानूनी प्रक्रिया के अनुरूप प्रस्तुत करने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
आईजी श्री गर्ग ने निर्देशित किया कि तकनीकी साक्ष्यों को केस डायरी का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया जाए और विवेचना अधिकारी इनका समुचित उपयोग करें। आईजी गर्ग ने अभियोजन अधिकारियों को निर्देश दिया कि विवेचकों को समय-समय पर कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी जाए, जिससे दोषमुक्ति की संभावना को न्यूनतम किया जा सके।
साथ ही, गवाहों के संरक्षण और उनकी विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए रणनीतिक उपायों पर भी चर्चा हुई। इस समीक्षा बैठक में जिला अभियोजन अधिकारी दुर्ग अनुरेखा सिंह, उप संचालक अभियोजन बालोद प्रेमेंद्र बैसवाड़े, उप संचालक अभियोजन बेमेतरा श्रीमती अपर्णा अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बेमेतरा ज्योति सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दुर्ग पदमश्री तंवर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बालोद अशोक जोशी, उप निरीक्षक राज कुमार प्रधान, सहायक उप निरीक्षक हेमंत त्रिपाठी, डाटा एंट्री ऑपरेटर श्रीमती तेजस्वी गौतम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
डी.जी.पी.अरुण देव गौतम से कैन डू पर्वत के अध्यक्ष अतुल पर्वत ने की भेेंट
भिलाई । भिलाई छत्तीसगढ़ के नव नियुक्त डीजीपी अरुण देव गौतम से भिलाई कैन डू पर्वत फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं युवा भाजपा नेता अतुल पर्वत ने आज रायपुर पुलिस मुख्यालय पहुँच कर उनसे मुलाक़ात की और उनको पुष्प गुच्छ प्रदान कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई व शुभकामनाएं दीं और कहा कि आप के कार्यभार संभालने से आपके नेतृत्व में जनसहभागिता और अनुशासित पुलिसिंग के माध्यम से प्रदेश में कानून-व्यवस्था और सुदृढ़ हो होगी और आपके मार्गदर्शन में पुलिस अधिकारियों द्वारा फाउंडेशन किस प्राकर जनहित और सामाजिक व धार्मिक कार्य करते आ रहा है।
इस पर डीजीपी श्री गौतम ने अतुल की जमकर तारीफ की और कहा कि जब भी किसी भी प्रकार की पुलिस विभाग के लिए मदद होगी , वो फाउंडेशन के अध्यक्ष से जरूर संपर्क करेंगे।
भिलाई गौठान में कुत्तों के हमले पर सुपेला थाना ने दर्ज की एफआईआर
भिलाई। भिलाई नगर निगम के द्वारा संचालित कोसा नगर गौठान में आवारा कुत्तों द्वारा 7 गो वंश के शिकार के प्रनाम द्वारा सुपेला थाने में नगर निगम जोन आयुक्त और दो एनजीओ संचालक के विरुद्ध एफ आई आर दर्ज करवाई गई है ! जिसमें लिखा गया है कि 26 एवं 27 फरवरी की दरम्यिानी रात कोसा नगर गौठान में गौवंश का आवारा कुत्तो के द्वारा उचित देखरेख प्रबंधन न होने से अवारा कुत्तों ने 4 बछड़ों के साथ ही तीन कमजोर गायों को अपना शिकार बनाये बना लिये।
इसकी जानकारी मिलते ही निगम प्रशासन में हड़कम्प मच गया और इसके साथ ही हिन्दुत्वादी संगठनों ने यहां गौठान व गौठान संचालन करने वाली एजेंसी व निगम के विरूद्ध जमकर आक्रोश दिखाये और सुपेला थाना में जोन आयुक्त के साथ ही एजेंसी के संचालक के विरूद्ध एफआईआर दर्ज कराने आवेदन दिये थे, जिसके कारण शुक्रवार को गौठान में लापरवाही बरतने वालों के विरूद्ध एफआईआर दर्ज सुपेला थाना ने दर्ज किया।
सुपेला थाने में दर्ज उपरोक्त एफ आई आर लिखवाने के लिए गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष विशेषर पटेल और गृह मंत्री विजय शर्मा से भी शिकायत की गई थी तब कहीं जाकर थाने में रिपोर्ट दर्ज हो पाई ! जिसमें सामाजिक कार्यकर्ता केसवानी के अलावा जयप्रकाश यादव, संतोष तिवारी,अनिल निषाद, देवधर चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्य में लापरवाही करने पर कलेक्टर ने किया तीन को निलंबित
दुर्ग । कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी ने लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के नियमों के विपरीत कार्य करने पर तीन कर्मचारी क्रमश: रामकुमार मर्सकोले शिक्षक जेआरडी आत्मानंद स्कूल दुर्ग, विनीत वर्मा सहायक राजस्व निरीक्षक नगर पालिक निगम दुर्ग और हरिशंकर साहू उप अभियंता नगर पालिक निगम दुर्ग को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है।
निलंबन अवधि में इन्हें नियमानुसार निर्वाह भत्ता पाने की पात्रता होगी। कलेक्टर के आदेशानुसार निलंबन पश्चात शिक्षक श्री मर्सकोले का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी दुर्ग, सहायक राजस्व निरीक्षक वर्मा का मुख्यालय नगर पालिक निगम रिसाली और उप अभियंता साहू का मुख्यालय नगर पालिक निगम रिसाली रहेगा। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। ज्ञात हो कि उक्त कर्मचारियों की ड्यूटी रजिस्ट्रीकरण अधिकारी दुर्ग द्वारा नगर पालिक निगम दुर्ग के निर्वाचक नामावली तैयार करने लगाई गई थी। इन्होंने निर्वाचक नामावली तैयार करने के पदीय दायित्वों के निर्वहन में चूक एवं लापरवाही बरते है।
लोन नहीं पटाया तो IDFC बैंक के रिकवरी एजेंटों ने फोड़ा युवक का सिर
भिलाई। लोन देने के लिए तरह-तरह के प्रलोभन देने वाली निजी बैंकों की असलियत तब सामने आती है जब वसूली के नाम पर अत्याचार किया जाता है। भिलाई के सुपेला क्षेत्र में ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां आईडीएफसी बैंक के रिकवरी एजेंटों ने एक युवक पर बर्बर हमला कर उसका सिर फोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपी एजेंटों की जांच शुरू कर दी है।
लोन देने के समय दिखाते हैं मीठे सपने, वसूली में दिखाते हैं दादागिरी
बैंक एजेंट लोन देते समय कम ब्याज और आसान किस्तों का लालच देते हैं, लेकिन लोन लेने के बाद असल परेशानी शुरू होती है। ब्याज दरें कई गुना अधिक हो जाती हैं, और नियम-कायदे अंग्रेजी में इतने छोटे अक्षरों में होते हैं कि ग्राहक उन्हें ठीक से समझ नहीं पाते। जब कोई व्यक्ति आर्थिक तंगी की वजह से कुछ समय के लिए किस्त नहीं भर पाता, तो ये बैंक गुंडों की तरह जबरन वसूली करते हैं और मारपीट तक पर उतर आते हैं।
सुपेला क्षेत्र में युवक के साथ मारपीट
ऐसा ही एक मामला सुपेला क्षेत्र के फरीदनगर में सामने आया है, जहां आईडीएफसी बैंक के रिकवरी एजेंटों ने युवक सैय्यद फारुख पर हमला कर दिया। सुपेला पुलिस ने इस मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है मामला?
पीड़ित सैय्यद फारुख, जो साप्ताहिक बाजार में कपड़े की दुकान लगाता है, ने बताया कि उसने तीन माह पहले सुपेला स्थित तव्कल मोबाइल स्टोर से 12,500 रुपये की अलमारी और 12,500 रुपये का मोबाइल खरीदा था। कुल 25,000 रुपये का यह फाइनेंस आईडीएफसी फर्स्ट बैंक से कराया गया था। उसने 6,000 रुपये डाउन पेमेंट किया था और 2,150 रुपये की मासिक किस्त भरनी थी।
फारुख ने बताया कि उसने तीन महीनों तक नियमित किस्त जमा की, लेकिन फरवरी माह में आर्थिक तंगी के कारण किस्त नहीं भर सका। 23 फरवरी को बैंक के रिकवरी एजेंटों ने उसे किस्त जमा करने को कहा, जिस पर उसने 24 या 25 फरवरी को ऑनलाइन भुगतान करने का आश्वासन दिया।
मोबाइल लेने गए युवक को रिकवरी वालों ने घेरा
24 फरवरी की रात करीब 7 बजे जब फारुख अपना मोबाइल लेने तव्कल मोबाइल स्टोर गया, तब आईडीएफसी बैंक के तीन रिकवरी एजेंट वहां पहुंचे और उसे घेर लिया। जब उसने किस्त तुरंत भरने में असमर्थता जताई, तो एजेंटों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। एक एजेंट ने बेल्ट से, दूसरे ने बांस के डंडे से और तीसरे ने मुक्कों से उस पर हमला कर दिया, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोट आई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
फारुख के चाचा सैफ अली को घटना की जानकारी मिली तो वे मौके पर पहुंचे और घायल फारुख को लेकर सुपेला थाने पहुंचे। पुलिस ने युवक का डॉक्टरी परीक्षण कराया और उसकी शिकायत पर आईडीएफसी बैंक के तीन रिकवरी एजेंटों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 115(2), 296-बीएनएस और 3(5)-बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
निजी बैंकों की मनमानी पर उठे सवाल
इस घटना ने निजी बैंकों की मनमानी और दादागिरी को उजागर किया है। कई बार शिकायत करने के बावजूद बैंक अधिकारियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती, क्योंकि उनके राजनीतिक और पुलिस महकमों में गहरे संबंध होते हैं। लोन लेने वाले व्यक्ति जीवनभर पछताते रहते हैं कि वे इनके चंगुल में कैसे फंस गए।
अब देखना यह होगा कि इस मामले में पुलिस क्या सख्त कार्रवाई करती है और पीड़ित को न्याय मिल पाता है या नहीं।
मॉर्निंग वाक के दौरान दिल का दौरा पड़ने से वरिष्ठ कांग्रेसी नेता की मौत...
भिलाई । कान्यकुब्ज वैश्य हलवाई समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष, भिलाई नागरिक सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष, दुर्ग जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व महासचिव मोहनलाल गुप्ता का मंगलवार सुबह 6:50 बजे दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वे 87 साल के थे। उनका अंतिम संस्कार 26 फरवरी को दोपहर 2 बजे रामनगर मुक्ति धाम में किया जाएगा।
दुर्ग जिले के वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोतीलाल बोरा, चंदूलाल चंद्राकर, वासुदेव चंद्राकर के खास समर्थक कांग्रेस के विश्वासपात्र कार्यकर्ता मोहनलाल गुप्ता आज सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले मॉर्निंग वॉक के उपरांत एक चाय दुकान पर चाय ले रहे थे इसी दौरान दिल का दौरा पड़ा और चाय दुकान पर ही गिर पड़े उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वे अपने पीछे चार पुत्री दो पुत्र सहित भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
सेल में सबसे तेज गति से उत्पादन करने की उपलब्धि
भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र की मोडेक्स यूनिट, ब्लास्ट फर्नेस-8 महामाया, ने 23 फरवरी को 17 मिलियन टन हॉट मेटल उत्पादन कर नया मील का पत्थर पार हासिल किया। ब्लास्ट फर्नेस-8 ने 16 मिलियन टन से 17 मिलियन टन की यात्रा को 126 दिन के रिकॉर्ड समय में पूरा कर एक नया रिकॉर्ड स्थापित किया, जबकि इससे पूर्व अगले 1 मिलियन टन का 133 दिनों में प्राप्त किया गया था।
ब्लास्ट फर्नेस बिरादरी ने अपना अगला लक्ष्य 17 से 18 मिलियन टन उत्पादन का 125 दिनों से कम समय में पूरा करने का निश्चय किया है। 02 फरवरी 2018 को कमीशनिंग के बाद से, सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र का ब्लास्ट फर्नेस-8, केवल 2,579 दिनों में 17 मिलियन टन संचयी उत्पादन कर सेल की अन्य इकाइयों के समान क्षमता वाले फर्नेसों से बेहतर प्रदर्शन करने में सफल रहा। उल्लेखनीय है कि सेल-राउरकेला स्टील प्लांट (आरएसपी) के ब्लास्ट फर्नेस-5 ने 17 मिलियन टन संचयी उत्पादन 2,674 दिनों में, वहीं सेल-इसको स्टील प्लांट आईएसपी के ब्लास्ट फर्नेस-5 ने 2,985 दिनों में पूरा किया था।
इस प्रकार भिलाई स्टील प्लांट का ब्लास्ट फर्नेस-8, आरएसपी के ब्लास्ट फर्नेस-5 से 95 दिन पहले और आएसपी के ब्लास्ट फर्नेस-5 से 406 दिन पहले 17 मिलियन टन संचयी उत्पादन के मील का पत्थर को पार करने के साथ ही ब्लास्ट फर्नेस-8 सेल में सबसे तेज क्षमता हासिल करने वाला फर्नेस बन गया है। 17 मिलियन टन संचयी उत्पादन के महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए संयंत्र के कार्यपालक निदेशक वक्र्स राकेश कुमार ने शॉप फ्लोर पर पहुंचकर ब्लास्ट फर्नेस-8 टीम को बधाई दी और केक काटकर जश्न मनाया।
उन्होंने इस उपलब्धि में योगदान देने वाली टीमवर्क और समन्वय की सराहना की। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी आयरन तापस दासगुप्ता, मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी एम एंड यू बी. के. बेहेरा, मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी सेवाएं तुषार कांत, मुख्य महाप्रबंधक ब्लास्ट फर्नेसेस मनोज कुमार, मुख्य महाप्रबंधक एसएमएस-2 एस. के. घोषाल, मुख्य महाप्रबंधक एसएमएस-3 प्रमोद कुमार, मुख्य महाप्रबंधक सिंटर प्लांट्स, ए. के. दत्ता, मुख्य महाप्रबंधक पीबीएस राजीव पांडे, मुख्य महाप्रबंधक कोक ओवन तुलाराम बेहेरा, महाप्रबंधक प्रभारी मेकेनिकल एस. हालदार सहित संयंत्र के अन्य वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारीगण तथा आरएमडी, ओचएचपी व प्लांट गैराज विभाग के सदस्य उपस्थित थे।
वर्क आर्डर मिलने के बाद भी काम शुरू नहीं करने वाले ठेकेदारों को आयुक्त ने दी चेतावनी
भिलाई । रिसाली निगम आयुक्त मोनिका वर्मा ऐसे निर्माण एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए है जो काम करने में रूचि नहीं दिखा रहे है। आयुक्त के निर्देश पर निगम के अधिकारी अंतिम नोटिस जारी कर दी है। चेतावनी के दायरे में आने वाले निर्माण एजेंसी की संख्या लगभग 12 है। आयुक्त मोनिका वर्मा ने बताया कि शासन के अलग-अलग मद से वार्डो में नाली निर्माण, सीसी रोड और मंच निर्माण का कार्य स्वीकृत किया गया है।
टेंडर प्रक्रिया में वरीयता के आधार पर कार्य आरंभ करने कार्यपालन अभियंता द्वारा कार्य आदेश भी जारी हो चुका है। इसके बाद भी निर्माण एजेंसी कार्य आरंभ करने में रूचि नहीं दिखा रहे है। उन्होंने बताया कि अंतिम नोटिस के बाद भी कार्य आरंभ न करने पर कार्य रद्द कर ब्लेक लिस्ट करने के लिए पंजीकृत विभाग को पत्र प्रेषित किए जाने के निर्देश दिए है। उल्लेखनीय है कि जनवरी में आयुक्त ने लोक निर्माण विभाग की समीक्षा की थी।
तब अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया था कि प्रभारी इंजीनियर कार्य आदेश की सूची रखे। कार्य आदेश के बाद फरवरी अंतिम सप्ताह तक कार्य हर हाल में पूर्ण करवाएं। स्वच्छता और निर्माण कार्य की प्रगति रिपोर्ट लेने आयुक्त लगातार मॉर्निंग विजिट कर रही है। स्टेशन मरोदा वार्ड निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने निर्माण कार्य स्थल पहुंची तो खुलासा हुआ कि एजेंसी ने कार्य प्रारंभ ही नहीं किया है।
नही मिलेगा कल दुर्ग निगम क्षेत्र में मांस-मटन
पकड़े जाने पर नगर निगम करेगी कार्रवाई
दुर्ग । नगर निगम क्षेत्र में महाशिवरात्रि पर्व के पर 26 फरवरी को मांस-मटन का विक्रय पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। राज्य शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुपालन में कमिश्नर सुमित अग्रवाल के निर्देश पर नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं। नगर निगम ने 26 फरवरी को पशुवध गृहों और मांस-मटन विक्रय की सभी दुकानों को बंद रखने के संबंध में आदेश प्रसारित किया है। किसी भी दुकान में मांस-मटन की बिक्री करते पाए जाने पर जप्ती के साथ ही संबंधित व्यक्ति के विरूद्ध यथोचित कार्यवाही की जाएगी।
महाशिवरात्रि पर्व पर नगर निगम के सभी स्वच्छता निरीक्षक मांस-मटन के विक्रय पर प्रतिबन्ध के आदेश का व्यवहारिक पालन सुनिश्चित करवाएंगे। इसके लिए उन्हें अपने-अपने क्षेत्र में मांस-मटन की दुकानों के सतत पर्यवेक्षण के लिए निर्देशित किया गया है।
महाशिवरात्रि पर्व पर जगह-जगह शिव मंदिरों में जलाभिषेक किया जाएगा। शहर क्षेत्र के शिवनदी एवं शिवालयों/ मंदिरों में बड़ी संख्या में शिवभक्त भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए गंगाजल लेकर आएंगे। ऐसे में उनके मार्ग पर मांसाहारी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाई जाए।
भिलाई इस्पात संंयंत्र के ब्लास्ट फर्नेस ने तोड़ा सर्वकालिक रिकॉर्ड
भिलाई । भिलाई इस्पात संयंत्र ने 8 में से सिर्फ चार ब्लास्ट फर्नेसों के सफल प्रचालन से 22 फरवरी को एक ही दिन में 18,037 टन हॉट मेटल का उत्पादन कर एक नया सर्वकालिक कीर्तिमान स्थापित किया है। मात्र चार फर्नेसों के माध्यम से यह हॉट मेटल उत्पादन अब तक का सर्वाधिक दैनिक रिकॉर्ड उत्पादन है, जो भिलाई इस्पात संयंत्र के लिए एक ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित हुआ है। यह अभूतपूर्व उपलब्धि भिलाई इस्पात संयंत्र की समर्पित टीम की मेहनत, प्रतिबद्धता और उच्चतम दक्षता का परिणाम है।
संयंत्र ने इस परिणाम को प्राप्त करने में न केवल अपने फर्नेसों के प्रचालन को कुशलतापूर्वक अनुकूलित किया, बल्कि रॉ मटेरियल के प्रबंधन में भी प्रभावशीलता और समन्वयन का सर्वोत्तम उदाहरण पेश किया है। इस सफलता में सम्बद्ध विभिन्न विभागों के बीच सामंजस्यपूर्ण सहयोग और प्रभावी प्रबंधन की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए, भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी अनिर्बान दासगुप्ता ने ब्लास्ट फर्नेस के साथ समस्त इस्पात बिरादरी को बधाई दी और आगामी लक्ष्यों को हासिल करने के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रदान की हैं। कार्यपालक निदेशक वक्र्स राकेश कुमार ने इस उपलब्धि के लिए प्रयासरत रही टीम को संयंत्र के ब्लास्ट फर्नेस पहुंच कर बधाई दी।
उन्होंने इस सफलता के लिए उत्पादन से संलग्न समस्त टीम को बधाई दी और फर्नेस के साथ-साथ सम्बद्ध सभी सहयोगी विभागों के कर्मचारियों की मेहनत, टीम भावना और समन्वय की सराहना की। उन्होंने फर्नेस टीम को बधाई देते हुए सारगर्भित तरीके से कहा कि यह सफलता भिलाई इस्पात संयंत्र के सभी कर्मचारियों की
कड़ी मेहनत और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि उत्पादन और श्रेष्ठ निष्पादन जरुरी है पर इससे ज्यादा जरुरी सुरक्षा हैं। संयंत्र में हर टन उत्पादन पूरी सुरक्षा के साथ हों। सिर्फ चार फर्नेसों के प्रचालन करते हुए एक दिन में 18,037 टन हाट मेंटल का उत्पादन इस्पात उद्योग में एक उल्लेखनीय उपलब्धि हैं। यह भिलाई ने पहली बार हासिल करते हुए एक नया रिकॉर्ड बनाया है।
सेल और भिलाई के लिए यह मील का पत्थर भिलाई इस्पात संयंत्र की प्रतिबद्धता को स्पष्ट रूप से दिखाता है, जिसमें न केवल उत्पादन क्षमता का विस्तार किया गया है, बल्कि हर कदम पर उत्कृष्टता, सुरक्षा और पर्यावरणीय मानकों को भी प्राथमिकता दी गई है। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ भिलाई इस्पात संयंत्र ने यह साबित कर दिया है कि वह अपने सामथ्र्य, तकनीकी दक्षता और समर्पण के साथ देश की इस्पात उद्योग में अग्रणी बने रहते हुए अपनी मापित क्षमता को भी हासिल कर लेगा।
बुद्ध भूमि कोसानगर को दान में मिली कुर्सियां, दानदाता सम्मानित
भिलाई । बुद्ध भूमि कोसा नगर में 21 फरवरी की शाम विशेष समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान इस सामाजिक स्थल को 70 कुर्सियों के दान को विशेष रूप से रेखांकित किया गया। वहीं सभी दानदाताओं का सम्मान किया गया। इसके साथ ही समाजसेवी अशोक धावले का अवतरण दिवस भी मनाया गया।
सर्वप्रथम तथागत गौतम बुद्ध की प्रतिमा के समक्ष माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित कर सामूहिक त्रिशरण पंचशील का पाठ किया गया। बौद्ध कल्याण समिति के अध्यक्ष नरेंद्र शेन्डे ने अपनी समिति के सदस्यों के साथ मिलकर पंचशील का दुपट्टा पहना कर और पुष्प गुच्छ भेंट कर अशोक धवले का अभिनंदन किया। भिलाई महिला मंडलअध्यक्ष दानशीला रामटेके ने अपनी समिति के सदस्यों के साथ सभी कुर्सी दानदाताओं का सम्मान किया।
इनमें कुंदा अशोक धवले 25 चेयर, प्रेरणा उदय धाबर्डे 25 चेयर, स्नेह लता रंगारी 10 चेयर और शालिनी पुनाराम कांबले 10 चेयर दानदाताओं को पंचशील का दुपट्टा पहना कर और पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। आयोजन में बौद्ध कल्याण समिति के संस्थापक सदस्य नेक राम रामटेके, दिग्विजय मेश्राम, राजकुमार मेश्राम तथा डॉ उदय धाबर्डे की गरिमामय उपस्थिति रही।
जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का अंतिम चरण का मतदान शांतिपूर्ण संपन्न
मतदान केंद्रों पर दिखा मतदाताओं का उत्साह
दुर्ग । जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव अंतर्गत तृतीय (अंतिम) चरण में धमधा जनपद पंचायत में मतदान प्रक्रिया रविवार 23 फरवरी को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। लोकतंत्र के इस महापर्व में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और मतदान केंद्रों पर सुबह से ही लंबी कतारें देखने को मिलीं। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर चहल-पहल बढ़ गई थी। मतदाता बड़ी संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचे।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन के अधिकारियों द्वारा मतदान को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मतदान केंद्रों पर पानी, छाया, बिजली और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई थी, जिससे मतदाताओं को किसी तरह की परेशानी न हो। मतदान में युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने जोश के साथ भाग लिया।
खासकर पहली बार मतदान कर रहे युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। बुजुर्ग मतदाता भी लोकतंत्र के इस पर्व में अपनी भूमिका निभाने पहुंचे। उल्लेखनीय है कि धमधा जनपद पंचायत में अपरान्ह 3 बजे तक अनअतरिम मतदान का प्रतिशत 77.45 दर्ज किया गया, जिसमें महिला मतदाताओं का प्रतिशत 79.95 और पुरुष मतदाताओं का प्रतिशत 74.98 शामिल है। अपरान्ह 3 बजे के पूर्व मतदान केंद्रों के भीतर पहुंच चुके मतदाता, मतदान कर रहे हैं। संपूर्ण मतदान प्रक्रिया समाप्ति पश्चात् प्रतिशत में वृद्धि होगी।
नव निर्वाचित जिला व जनपद सदस्यों का जिला भाजपाध्यक्ष व विधायक ने किया अभिनंदन
दुर्ग । रविवार को दुर्ग जिला भाजपा कार्यालय में पाटन ब्लॉक के भाजपा अधिकृत नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों और जनपद सदस्यों ने पंचायत चुनाव जिला प्रभारी विधायक ललित चंद्राकर और दुर्ग भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र कौशिक व निवर्तमान जिला अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा से आत्मीय भेंट की। सभी नवनिर्वाचित पंचायत जनप्रतिनिधियों का जिला भाजपा कार्यालय में विधायक ललित चंद्राकर व जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र कौशिक, पूर्व जिला अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा ने अभिनंदन किया।
इस दौरान दिलीप साहू, दीपक चोपड़ा, रजा खोखर, रजनीश श्रीवास्तव ने भी अभिनंदन करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दी। पंचायत चुनाव जिला प्रभारी ललित चंद्राकर ने कहा कि जनता के विश्वास और आशीर्वाद से नव निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों का यह नया सफर क्षेत्र के विकास और जनकल्याण के प्रति समर्पित रहे। सभी के साथ मिलकर समाज हित के कार्यों को गति देने और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करें। जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेन्द्र कौशिक ने कहा कि नगरीय निकाय के बाद पंचायतों में भी ट्रिपल इंजन की सरकार बनने जा रही है।
मजबूत पंचायती राज के लिए जागरूक जनप्रतिनिधि आवश्यक है,अत: जनता की परेशानियों के लिए जागृत रहकर सतत कार्य करें और पार्टी के कामों को भी गति प्रदान करें। निवर्तमान जिला भाजपा अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा ने कहा कि पाटन जैसे राजनीतिक रूप से जागरूक ब्लॉक से भारतीय जनता पार्टी के जनपद और जिला पंचायत सदस्य बड़ी संख्या में जीत कर आए हैं यह एक बड़ी उपलब्धि है। अब विष्णुदेव का सुशासन पंचायती राज में भी दिखाई देगा।
मुलाकात करने वाले में प्रमुख रूप से जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 10 से नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्य नीलम राजेश चंद्राकर, जनपद पंचायत पाटन क्षेत्र नवनिर्वाचित जनपद सदस्य क्रमांक 01 कस्तूरी बंजारे, क्रमांक 02 कीर्ति नायक, क्रमांक 03 प्रणव शर्मा, क्रमांक 07 संतोष ठाकुर, क्रमांक 13 राम यूमरे छेदईया, क्रमांक 17 भावना निषाद, क्रमांक 21 भास्कर वर्मा, क्रमांक 22 रामकुमार चंद्राकर, क्रमांक 23 खेमलाल देशलहरे, क्रमांक 25 रवि सिन्हा ने आशीर्वाद लिया।
भाजपा ने सभी निगमों में सभापति के लिए नियुक्त किये अपने पर्यवेक्षक
भिलाई । छत्तीसगढ़ के 10 नगर निगमों में सभापति तय करने भाजपा ने पर्यवेक्षक नियुक्त किए हैं। इसी कड़ी में दुर्ग नगर निगम के लिए संजय श्रीवास्तव को जहां जिम्मेदारी दी गई है। वहीं नगर पालिकाओं में उपाध्यक्ष चयन के लिए भी पर्यवेेक्षक नियुक्त किये गये है जिसमें अहिवारा नगर पालिका के लिए संदीप शर्मा को पर्यवेक्षक बनाया गया है।
इसके अलावा दुर्ग के अमलेश्वर नगर पालिका के राजीव अग्रवाल तो कुम्हारी के लिए डॉ. सियाराम साहू पर्यवेक्षक होंगे जो जल्द ही पर्यवेक्षक निगमों और नगर पालिका परिषद में बैठक कर सभापति के और उपाध्यक्ष के नाम तय करेंगे। पालिकाओं में उपाध्यक्ष चुनने इन्हें मिली जिम्मेदारी की सूचि।