छत्तीसगढ़ / रायपुर
राज्यपाल श्री डेका ने गांधी जयंती पर की साफ-सफाई
रायपुर, 02 अक्टूबर 2025
राज्यपाल श्री रमेन डेका ने आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर स्वच्छ भारत अभियान के तहत राजभवन परिसर में साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। राजभवन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी इस अवसर पर सुबह राजभवन परिसर के अलग-अलग स्थानों पर झाडू लगाकर कचडे़ को एकत्र कर उसका निपटान किया।
केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ को कर हस्तांतरण (Tax Devolution) अंतर्गत दी 3,462 करोड़ रुपये की स्वीकृति
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय वित्त मंत्री के प्रति किया आभार व्यक्त
रायपुर, 02 अक्टूबर 2025
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ राज्य के लिए कर हस्तांतरण (Tax Devolution) अंतर्गत 3,462 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान करने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी और केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण जी के प्रति हार्दिक आभार प्रकट किया है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि नवरात्रि एवं दशहरा जैसे पावन अवसर पर केंद्र सरकार द्वारा दिया गया यह आबंटन छत्तीसगढ़ की जनता के लिए वास्तव में एक अनमोल उपहार है। यह राशि राज्य की वित्तीय संसाधनों को और अधिक सुदृढ़ करेगी, विकास परियोजनाओं को गति प्रदान करेगी तथा लोककल्याणकारी योजनाओं को नई ऊर्जा देगी।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार छत्तीसगढ़ को प्रगति और समृद्धि की नई ऊँचाइयों पर ले जाने के लिए सतत प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री श्री साय ने विश्वास व्यक्त किया कि इस सहयोग से प्रदेशवासियों का जीवन और अधिक खुशहाल एवं सुरक्षित बनेगा।
उल्लेखनीय है कि आगामी त्यौहारी मौसम को देखते हुए और राज्यों को पूंजीगत व्यय में तेजी लाने और उनके विकास/कल्याण संबंधी व्यय को वित्तपोषित करने में सक्षम बनाने के लिए, केंद्र सरकार ने 1 अक्टूबर, 2025 को राज्य सरकारों को 1,01,603 करोड़ रुपये का अतिरिक्त कर हस्तांतरण जारी किया है। यह 10 अक्टूबर 2025 को जारी किए जाने वाले सामान्य मासिक हस्तांतरण के अतिरिक्त है ।
विजयादशमी पर आत्मसमर्पण की गूंज – बीजापुर में 103 नक्सलियों ने छोड़ा हिंसा का रास्ता
विजयादशमी का पर्व आज हिंसा और भ्रम पर विकास और विश्वास की विजय का साक्षी – मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय
रायपुर, 02 अक्टूबर 2025
धर्म और न्याय की विजय का प्रतीक विजयादशमी का पर्व इस बार छत्तीसगढ़ में हिंसा और भ्रम पर विकास और सुशासन की ऐतिहासिक विजय का भी प्रतीक बन गया। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने बीजापुर में 103 नक्सलियों के आत्मसमर्पण पर सुरक्षा बलों को बधाई देते हुए कहा कि यह कदम प्रदेश के शांतिपूर्ण और समृद्ध भविष्य की दिशा में एक निर्णायक पड़ाव है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार की “आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति 2025” और “नियद नेल्ला नार योजना” ने लाल आतंक के भ्रम से भटके लोगों के दिलों में विश्वास और आशा का दीप प्रज्वलित किया है। “पूना मारगेम अभियान” से प्रेरित होकर बीजापुर में कुल 103 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। इनमें से 49 नक्सली वे भी हैं, जिन पर कुल 1 करोड़ 6 लाख 30 हजार रुपए तक का इनाम घोषित था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आत्मसमर्पण करने वाले प्रत्येक व्यक्ति को नई शुरुआत के लिए 50 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई है। साथ ही, नक्सल उन्मूलन नीति के अंतर्गत उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने और समाज की मुख्यधारा में शामिल होने का अवसर दिया जा रहा है। अब तक 1890 से अधिक माओवादी आत्मसमर्पण कर चुके हैं, जो सरकार की नीतियों की प्रभावशीलता और जनता के विश्वास का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह जी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार का संकल्प है कि 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद का पूर्ण उन्मूलन किया जाएगा और आत्मसमर्पित लोगों को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं उज्ज्वल भविष्य दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह परिवर्तन केवल बस्तर की धरती तक सीमित नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के शांतिपूर्ण, समृद्ध और विकसित भविष्य की ओर एक सशक्त कदम है।
बैंक लोन और दुकान दिलाने के नाम से 6 लाख रुपए ठगी
रायपुर । राजधानी की एक महिला 6 लाख रुपए ठगी की शिकार हो गई। खूशबू सोनी नामक महिला ने बैंक से कम ब्याज में मुद्रा लोन और दुकान दिलाने के नाम पर ठगी की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 318-4 का अपराध कायम कर मामले को विवेचना में लिया है। जानकारी के मुताबिक, मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र की है।
रावतपुरा फेस 2 कॉलानी निवासी किरण जैसवार ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि 2023 में खूशबू नामक महिला से परिचय हुआ था, उस समय पेस्ट्री की छोटी दुकान खोली थी. भाठागांव स्थित बस स्टैंड के पास बड़ा दुकान खोलने के लिए महिला से चर्चा की तो उसने बताया कि एक सप्ताह में बैंकों से लोन और दुकान दिला दूंगी. महिला के झांसे में आकर किरण जैसवार ने संस्था आईडीएफसी बैंक में खाता खुलवा लिया और सभी चेकों पर हस्ताक्षर कर महिला को दिया।
लगभग एक साल तक लोन और दुकान के नाम पर इधर-उधर घुमाती रही। बार-बार बोलने पर खूशबू अपने साथी के साथ मिलकर बस स्टेंड स्थित 17 नंबर दुकान दिखा कर रजिस्ट्री के लिए कार्यालय बुलाई, लेकिन आज तक रजिस्ट्री नहीं हुई. उसने मुद्रा लोन के नाम पर कई बार कोरे कागज पर वकील के माध्यम से हस्ताक्षर करवा कर बैंक से 6 लाख रुपए निकाल लिए। रिपोर्ट में बताया गया कि नवंबर 2023 में बैंक लोन और दुकान दिलाने के लिए 10 हजार रुपए ऑनलाइन भी ले चुकी है. थाना प्रभारी का कहना है कि शिकायत के आधार रिपार्ट दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया गया है।
राजधानी में डेढ़ सौ से अधिक दुर्गा प्रतिमाओं का हुआ श्रद्धापूर्वक विसर्जन
रायपुर । नवमी से शुरू हुआ दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन विजयादशमी पर भी श्रद्धा के साथ जारी रहा। महादेव घाट के निकट निगम के निर्मित कुंड में गुरुवार सुबह से लेकर संध्या तक भक्तों ने माता दुर्गा की 176 बड़ी प्रतिमाओं का श्रद्धापूर्वक विसर्जन किया। भक्तिमय वातावरण में श्रद्धालु परिवारों के साथ देवी मां को विदाई देने पहुंचे और पारंपरिक विधि-विधान से प्रतिमाओं को कुंड में विसर्जित किया।
शहर में पांच सौ से अधिक पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई थी। गुरुवार को विसर्जन का सिलसिला देर रात तक चलता रहा. भक्त समूह बनाकर झांकियों और गीत-संगीत के साथ प्रतिमाओं को लेकर पहुंचे. विसर्जन कुंड पर पहुंचते ही मां की जयकारों से पूरा वातावरण माता के जयकारों से गूंज उठता है. शुक्रवार को भी प्रतिमाओं का विसर्जन होगा।
प्रदेश के 45 लाख वाहनों में अब तक नहीं लगी हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट
रायपुर। छत्तीसगढ़ में वाहन मालिकों की सुरक्षा के लिए हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) लगाने का काम बेहद धीमी रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। परिवहन विभाग को 52 लाख से ज्यादा पंजीकृत वाहनों में एचएसआरपी लगानी थी, लेकिन 10 महीनों में सिर्फ 20 प्रतिशत यानी 7.45 लाख वाहनों में ही प्लेट लगाई जा सकी है। अब भी करीब 45 लाख वाहन बिना एचएसआरपी के सड़कों पर दौड़ रहे हैं।
तय समय सीमा से पिछड़ रहा विभाग
सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में चल रही इस प्रक्रिया को एक अप्रैल 2025 तक पूरा करना था। लेकिन टेंडर प्रक्रिया में देरी और धीमी रफ्तार की वजह से लक्ष्य हासिल नहीं हो पाया। फिलहाल 3.40 लाख नंबर प्लेट बनाने का ऑर्डर दिया गया है।
चालान कार्रवाई टली
परिवहन विभाग और राज्य पुलिस ने 1 अक्टूबर से बिना एचएसआरपी वाले वाहनों पर 1,000 रुपये का चालान काटने की तैयारी की थी। लेकिन लगने की धीमी गति को देखते हुए फिलहाल इस तिथि को आगे बढ़ा दिया गया है।
जागरूकता अभियान से बढ़े आवेदन
आरटीओ और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने पिछले दो महीनों तक अभियान चलाकर सड़क पर वाहनों को रोककर फार्म भरवाए।
जागरूकता अभियान का असर यह हुआ कि बड़ी संख्या में वाहन मालिक चालानी कार्रवाई से बचने के लिए आवेदन कर रहे हैं। सिर्फ रायपुर जिले में ही लगभग एक लाख वाहन मालिकों ने एचएसआरपी के लिए आवेदन किया है।
पुराने वाहन भी बड़ी चुनौती
प्रदेश में 15 साल से ज्यादा पुराने 6,000 से अधिक वाहन पंजीकृत हैं। इनमें 1,200 दोपहिया, 3,000 चारपहिया और 1,800 मालवाहक वाहन शामिल हैं। इनमें से कई अब भी बिना एचएसआरपी और कुछ बिना पंजीकरण के सड़कों पर चल रहे हैं।
डब्लू आर एस कॉलोनी में रावण दहन: राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में उमड़ा उत्साह
रायपुर । राजधानी के डब्लू आर एस कॉलोनी मैदान में विजयादशमी उत्सव का भव्य आयोजन हुआ। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की गरिमामय उपस्थिति रही। कार्यक्रम में विशाल जनसमूह ने रावण दहन और आतिशबाजी का रोमांचक दृश्य देखा और देर तक उत्सव का आनंद लिया।
राज्यपाल श्री रमेन डेका ने कहा कि विजयादशमी का यह पर्व आत्ममंथन का भी अवसर है। उन्होंने कहा कि आज हम सभी को संकल्प लेना चाहिए कि अपने भीतर के अहंकार और बुराई का त्याग कर समाज और राष्ट्र की प्रगति में सकारात्मक भूमिका निभाएँ।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि दशहरा का पर्व अधर्म पर धर्म की, असत्य पर सत्य की और बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश देता है। यह पर्व हमें अपने भीतर के नकारात्मक विचारों और प्रवृत्तियों को त्यागकर सद्मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम, विधायक श्री पुरंदर मिश्रा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, आयोजन समिति के पदाधिकारी और श्रद्धालुगण उपस्थित थे।
डीजल-पेट्रोल की ब्लैक मार्केटिंग, 43 लाख का ईंधन जब्त
रायपुर । लाखों रूपये कीमत के डीजल/पेट्रोल का अवैध रूप से संग्रहण करने वाले आधा दर्जन से अधिक आरोपी गिरफ्तार किए गए है, 1 अक्टूबर को सूचना प्राप्त हुई थी कि थाना विधानसभा क्षेत्रांतर्गत रिंग रोड नंबर 03 टेकारी चौक स्थित एक यार्ड में कुछ व्यक्ति ट्रक एवं ड्रम में ज्वलनशील तरल पदार्थ डीजल एवं पेट्रोल को अवैध रूप से संग्रह कर बिक्री हेतु रखें है। जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में रेंज साइबर थाना रायपुर एवं थाना विधानसभा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा उक्त स्थान पर जाकर रेड कार्यवाही किया गया। रेड कार्यवाही के दौरान यार्ड में 05 व्यक्ति उपस्थित पाये गये, जिन्होंने पूछताछ में अपना नाम रवि यादव, नीरज नेताम उर्फ दउवाराम, शेख कलीमुद्दीन, शैलेन्द्र कुमार उर्फ बिहारी एवं राज पटेल होना बताया।
टीम के सदस्यों द्वारा यार्ड को चेक करने पर टैंकर वाहन में डीजल/पेट्रोल भरा होने के साथ ही अलग - अलग ड्रम में भी डीजल/पेट्रोल रखा होना पाया गया। ज्वलनशील तरल पदार्थ को उपेक्षापूर्ण संग्रह कर रखने एवं विक्रय करने के संबंध में व्यक्तियों से लायसेंस या वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने कहने पर उनके द्वारा किसी प्रकार का कोई दस्तावेज प्रस्तुत न कर टीम के सदस्यों को लगातार गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा था। जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा आरोपी रवि यादव, नीरज नेताम उर्फ दउवाराम, शेख कलीमुद्दीन, शैलेन्द्र कुमार उर्फ बिहारी एवं राज पटेल को गिरफ्तार कर निशानदेही पर कब्जे से ट्रक टैंकर तथा अलग - अलग ड्रम में रखें कुल 15,300 लीटर पेट्रोल तथा 31,000 लीटर डीजल जुमला कीमती लगभग 42,90,000/- रूपये तथा घटना में प्रयुक्त ट्रक टैंकर क्रमांक सी जी 10 ए एफ 0113, सी जी 04 पी आर 7421 एवं सी जी 04 पी टी 8504, एक नग चाडी एवं 02 नग प्लास्टिक पाईप जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध थाना विधानसभा में अपराध क्रमांक 492/25 धारा 287 बी.एन.एस तथा 3, 7 आवश्यक वस्तु अधिनियम का अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों के विरूद्ध कार्यवाही किया गया।
इसी प्रकार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में रेंज साइबर थाना रायपुर तथा थाना विधानसभा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा थाना विधानसभा क्षेत्रांतर्गत रिंग रोड नंबर 03 पिरदा चौक स्थित सूरज शाह के यार्ड में रेड कार्यवाही कर आरोपी अखिलेश चौबे, नीरज कुमार, अरविंद गोड एवं रोहित सरोज को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर कब्जे से अवैध रूप से संग्रह कर बिक्री करने हेतु रखें कुल 1,500 लीटर डीजल तथा 40 लीटर पेट्रोल कीमती लगभग 1,40,000/- रूपये तथा घटना में प्रयुक्त ट्रक टैंकर क्रमांक सी जी 10 बी यू 2417, 01 नग चाडी एवं 02 नग प्लास्टिक पाईप जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध थाना विधानसभा में अपराध क्रमांक 493/25 धारा 287 बी.एन.एस तथा 3, 7 आवश्यक वस्तु अधिनियम का अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों के विरूद्ध कार्यवाही किया गया। उक्त दोनों प्रकरणों में आरोपी यार्ड संचालक फरार है, जिनकी पतासाजी कर गिरफ्तार करने के हर संभव प्रयास किये जा रहे है।
रायपुर : राज्यपाल श्री डेका ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को पुष्पांजलि अर्पित की
रायपुर । राज्यपाल श्री रमेन डेका ने आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर राजभवन में श्रद्धा सुमन अर्पित किए। राज्यपाल ने टाउन हॉल परिसर में महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री को उनकी जयंती पर किया नमन

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग से देश की आज़ादी के आंदोलन को नई दिशा दी। गांधी जी का जीवन हमें यह संदेश देता है कि दृढ़ निष्ठा और सत्याग्रह के मार्ग से कठिन परिस्थितियों का सामना किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आज भी गांधी जी के विचार समाज को एक बेहतर दिशा देने में उपयोगी हैं और हम सबको उनसे प्रेरणा मिलती है।
पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री लाल बहादुर शास्त्री को याद करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि शास्त्री जी ने अपने सार्वजनिक जीवन में सादगी और सेवा को सर्वोपरि रखा। उन्होंने जय जवान जय किसान का का नारा देकर जनता का मनोबल बढ़ाया। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि शास्त्री जी की निष्ठा और ईमानदारी हमेशा नागरिकों को प्रेरित करती रहेगी।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज राजधानी रायपुर के हृदय स्थल आजाद चौक स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा और शास्त्री चौक स्थित पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने महात्मा गांधी जी के सिद्धांतों और उनके आदर्शों को याद करते हुए स्वच्छता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गांधी जी ने भारत में स्वाधीनता आंदोलन को नई दिशा दी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री लाल बहादुर शास्त्री का स्मरण करते हुए कहा कि शास्त्री जी का भारतीय स्वतंत्रता संग्राम और स्वतंत्र भारत के निर्माण में योगदान अविस्मरणीय है। सत्य, सादगी और अनुशासन से भरे उनके व्यक्तित्व ने पूरे राष्ट्र को दिशा दिखाई। शास्त्री जी ने किसानों और जवानों की शक्ति को राष्ट्र की असली ताकत बताया और “जय जवान – जय किसान” का नारा देकर पूरे देश को आत्मनिर्भरता और परिश्रम के मार्ग पर अग्रसर किया।
इस अवसर पर विधायक श्री पुरन्दर मिश्रा, महापौर श्रीमती मीनल चौबे, छत्तीसगढ़ खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।
दशहरा केवल रावण दहन का पर्व नहीं, बल्कि जीवन का संदेश है – राज्यपाल श्री डेका
राम ने युद्ध में जीत हासिल इसीलिए की क्योंकि वे सत्य के साथ थे – मुख्यमंत्री श्री साय
विजयादशमी उत्सव में शामिल हुए राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री




राजधानी रायपुर के डब्ल्यू.आर.एस. कॉलोनी के विशाल मैदान में इस वर्ष भी परंपरा और आस्था के साथ भव्य दशहरा उत्सव का आयोजन किया गया। 55 वर्षों से लगातार आयोजित हो रहा यह उत्सव इस बार और भी ऐतिहासिक रहा, जिसमें राज्यपाल श्री रमेन डेका, राज्य की प्रथम महिला श्रीमती रानी डेका काकोटी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय विशेष रूप से शामिल हुए।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राज्यपाल श्री रमेन डेका ने अपने उद्बोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ आज नक्सलवाद से बाहर निकलते हुए शांति और विकास की ओर अग्रसर है। प्रदेश की जीडीपी वृद्धि और देश को 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य में जनता की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अंतिम व्यक्ति का उत्थान ही वास्तविक विकास है और यही राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की परिकल्पना भी थी।
राज्यपाल ने विजयादशमी का संदेश स्पष्ट करते हुए कहा कि यह पर्व केवल रावण दहन का नहीं, बल्कि जीवन का संदेश है। रावण चाहे कितना भी बलवान क्यों न रहा हो, उसके अहंकार का अंत हुआ और जीत सत्य की हुई। बुराई कितनी भी बड़ी क्यों न हो, अच्छाई हमेशा विजयी होती है।
उन्होंने कहा कि हमें केवल मैदान में रावण का पुतला नहीं जलाना चाहिए, बल्कि अपने भीतर के रावण काम, क्रोध, लोभ, ईर्ष्या और घमंड—को भी समाप्त करना होगा। यही सही अर्थों में दशहरा पर्व का पालन होगा।
गांधी जयंती का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि दशहरा हमें बुराई का अंत करने की शिक्षा देता है और गांधी जयंती हमें सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। जब ये दोनों विचार साथ आते हैं तो समाज में प्रेम, भाईचारा और शांति कायम होती है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने भगवान श्रीराम, माता सीता और सनातन धर्म की जयकार के साथ सभा को विजयादशमी की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि डब्ल्यू.आर.एस.कालोनी दशहरा उत्सव समिति इस आयोजन को भव्य रूप से संपन्न करती आ रही है और यह उत्सव अब ऐतिहासिक स्वरूप ले चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रावण के पास मेघनाद और कुंभकरण जैसे शक्तिशाली योद्धा थे, जबकि श्रीराम के साथ साधारण वानर सेना थी। इसके बावजूद विजय श्रीराम की हुई क्योंकि वे सत्य के साथ थे।
इस अवसर पर कृषि मंत्री श्री राम विचार नेताम ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। स्वागत भाषण विधायक श्री पुरंदर मिश्रा ने और आभार प्रदर्शन आयोजन समिति के अध्यक्ष श्री जी. स्वामी ने किया।
समारोह में 103 फीट ऊँचे रावण के पुतले का दहन इस आयोजन का मुख्य आकर्षण रहा। रंगीन आतिशबाजी और भव्य प्रस्तुति देखने हजारों लोगों की भीड़ मैदान में उमड़ी। इस अवसर पर अनेक जनप्रतिनिधि, सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। समिति की सदस्य श्रीमती सरस्वती मिश्रा ने प्रथम महिला रानी डेका काकोटी को विशेष स्मृति चिन्ह प्रदान किया।
अधर्म पर धर्म की जीत का पर्व विजयादशमी-मुख्यमंत्री श्री साय
रायपुर शहर के रावणभांठा एवं शंकरनगर दशहरा उत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय
भव्य आतिशबाजी देखने को उमड़ी भारी भीड़


मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज रायपुर शहर के रावणभांठा एवं शंकरनगर दशहरा उत्सव में शामिल हुए। श्री साय ने कहा विजयादशमी पर्व अधर्म पर धर्म की जीत का प्रतीक है। सत्य परेशान हो सकता है पर पराजित नहीं हो सकता है। सत्य की अंततः जीत होती है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा छत्तीसगढ़ के लिए विजयादशमी का अवसर बहुत ही खास है। प्रभु श्रीराम का छत्तीसगढ़ से बहुत गहरा नाता है। छत्तीसगढ़ माता कौशल्या का मायका और प्रभु राम का ननिहाल है। इस लिए हम प्रभु राम को भांचा राम कहते है। इसी के कारण छत्तीसगढ़ में भांजे का पैर छूकर प्रणाम करने की परंपरा है। वनवास के दौरान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण जी ने यहां लंबा समय बिताया। छत्तीसगढ़ में अलग अलग स्थानों में इसके प्रमाण मिलते है। वनवास काल में प्रभु श्रीराम के सामने अनेक कठिनाइयां थीं। रावण से युद्ध के समय श्रीराम वनवासी थे जबकि रावण के पास अस्त्र-शस्त्र के साथ ही विशाल असुरों की सेना थी। प्रभु श्रीराम ने वानर सेना के साथ मिलकर रावण को परास्त कर यह सिद्ध किया कि अधर्म और अहंकार का नाश निश्चित है। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपने अंदर रावण रूपी काम, क्रोध,अहंकार,लोभ,मोह एवं माया रूपी बुराइयों को समाप्त करने का आव्हान किया और प्रदेशवासियों को विजयादशमी पर्व की शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा यहां दहशरा मनाने की परंपरा लगभग 150 साल पुराना इतिहास है। प्रभु बालाजी महाराज का विशेष आशीर्वाद इस प्रांगण को मिलता है। आज विजयादशमी का पर्व असत्य पर सत्य की,अधर्म पर धर्म की जीत का का प्रतीक है। विधायक श्री सुनील सोनी, महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव, सीएसआईडीसी अध्यक्ष श्री राजीव अग्रवाल, पूर्व विधायक श्रीचंद सुंदरानी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि गण श्री दूधाधारी मठ से जुड़े पदाधिकारी,खम्हारडीह सार्वजिक दशहरा एवं सांस्कृतिक समिति के सदस्य एवं नागरिक गण उपस्थित थे।
निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर Dac Academy में सफल आयोजन
रायपुर, 28 सितम्बर 2025 : आशा देवी रेखचंद लूनिया चैरिटेबल ट्रस्ट, रायपुर ,Dac Academy Sainik Military RIMC Navodaya Goswami Sir Classes एवं पारस ग्रुप ऑफ फाउंडेशन, रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में आज निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों, अभिभावकों और आम नागरिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और प्रारंभिक स्वास्थ्य जांच की सुविधाएँ उपलब्ध कराना था।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों रूप जीवन hospital ENT,गणेश विनायक Eye Specialist, Srivedam Dental Clinic, Om acupressure Accupuncure की टीम द्वारा बी.पी., शुगर, ई.एन.टी., सामान्य स्वास्थ्य जांच सहित कई प्रकार की निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान की गईं। बड़ी संख्या में लोगों ने इस अवसर पर अपनी जांच कराई और शिविर का लाभ उठाया।
कार्यक्रम में पार्षद श्री आशु चंद्रवंशी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री सुदीप जैन (समाजसेवी), डॉ. विपुल चौधरी (समाजसेवी) एवं डॉ. कविता कुंभज (Founder/Director/CEO, Paaras Group of Foundation) प्रफुल्ल कुमार khare, अनुराधा khare madam ,अनंत shrivastav,Dr Vipul Chaudhari, RK Sahu ex Navy officer शामिल हुईं।
इस अवसर पर गोसवामी सर (डायरेक्टर, DAC Academy) और कार्यक्रम प्रभारी श्री पीयूष जैन ने आगंतुकों का स्वागत किया तथा शिविर के महत्व पर प्रकाश डाला।
आयोजकों ने बताया कि समाज के प्रत्येक वर्ग को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना और लोगों को निवारक स्वास्थ्य उपायों के लिए जागरूक करना इस शिविर का प्रमुख उद्देश्य है।
स्थानीय निवासियों ने इस पहल की भूरी-भूरी प्रशंसा की और आयोजकों का आभार व्यक्त किया।
वृद्धजनों के सम्मान और कल्याण के लिए सरकार प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर रायपुर में राज्य स्तरीय आयोजन
बुजुर्गों की विशेष देखभाल के लिए राज्य में सियान गुड़ी
रायपुर, बिलासपुर कोरबा और दुर्ग में पीपीपी मॉडल पर बनेंगे सर्वसुविधायुक्त वृद्धाश्रम
पुनर्वास उपकरणों की रिपेयरिंग के लिए रायपुर में शुरू होगा सर्विस सेंटर
रायपुर, 01 अक्टूबर 2025/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि वृद्धजन हमारे मार्गदर्शक और अमूल्य संस्कृति के वाहक हैं। वृद्धजनों की देखभाल सरकार और समाज दोनों की साझी जिम्मेदारी है। केंद्र और राज्य सरकार वरिष्ठ नागरिकों के पेंशन, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा और सम्मानपूर्ण जीवन के लिए समर्पित योजनाओं को लगातार मजबूत बना रही है। मुख्यमंत्री आज राजधानी रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में स्थित कृषि मंडपम में अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के राज्य स्तरीय आयोजन को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में वृद्धजनों को शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर उन्होंने बुजुर्गों की विशेष देखभाल के लिए राज्य में सियान गुड़ी, प्रदेश के चार बड़े शहरों रायपुर, बिलासपुर कोरबा और दुर्ग में पीपीपी मॉडल पर सर्वसुविधायुक्त वृद्धाश्रम बनाने और दिव्यांगजनों के सहायक उपकरणों के रिपेयरिंग के लिए राजधानी रायपुर में सर्विस सेंटर बनाने की घोषणा की। श्री साय ने नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत राज्यभर में जागरूकता हेतु 25 नशामुक्ति रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी लोकगीत एवं नृत्य प्रस्तुति दी गई और स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन किया गया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि वृद्धजन दिवस हमें अपने दायित्वों को याद दिलाने का अवसर है। मेरे गुरु ने मुझे सिखाया है कि माता-पिता की सेवा ही ईश्वर की पूजा है। मैंने अपने गुरु के संस्कार और आदर्शों का हमेशा पालन किया है। श्री साय ने कहा कि हम सभी को यह सच्चाई नहीं भूलनी चाहिए कि आज हमारे बुजुर्ग जिस अवस्था में है, कल हम सभी उसी अवस्था में होंगे। मुख्यमंत्री श्री साय और अतिथियों ने जनता से अपील की कि वे वृद्धजनों का सम्मान करें और उन्हें सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करें, ताकि उनका जीवन और अधिक सुरक्षित, सम्मानजनक और खुशहाल बन सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बुजुर्गों के लिए संचालित पेंशन योजनाओं में 14 लाख से बुजुर्ग लाभान्वित हो रहे हैं। आयुष्मान भारत और शहीद वीर नारायण सिंह स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत अब तक 8 लाख से अधिक बुजुर्गों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधा दी गई है। मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना और श्री रामलला दर्शन योजना से 50 हजार से अधिक बुजुर्ग लाभान्वित हुए हैं। समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि प्रदेश के 35 वृद्धाश्रमों में 1049 वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल की जा रही है तथा 6 जिलों में प्रशामक देखरेख गृह संचालित हैं। विभागीय हेल्पलाइन के माध्यम से अब तक 54 हजार से अधिक वरिष्ठजनों की समस्याओं का समाधान किया गया है।
इस अवसर पर मंत्री श्री टंकराम वर्मा, सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, विधायक श्री राजेश मूणत, श्री मोतीलाल साहू, श्री इन्द्र कुमार साहू, श्री अनुज शर्मा, छत्तीसगढ़ निःशक्तजन वित्त विकास निगम अध्यक्ष श्री लोकेश कावड़िया सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
पर्यटन साथी पहल : जिला प्रशासन रायपुर और इज माय ट्रिप के बीच एमओयू
कार्यक्रम में पर्यटन साथी पहल के लिए ईज़ माई ट्रिप और जिला प्रशासन के मध्य एमओयू हुआ। मुख्यमंत्री ने इस विशेष पहल के लिए जिला प्रशासन की टीम को बधाई दी और कहा कि युवाओं के लिए रोजगार नए अवसर खुलेंगे और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। पर्यटन साथी पहल के तहत युवाओं को आईटीआई सड्डू में टूर गाइड के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रति बैच 50 युवाओं को शामिल किया जाएगा और प्रशिक्षण तीन महीने में पूरा होगा।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बस्तर प्रवास की तैयारियों का उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने किया निरीक्षण
समयपूर्व सभी तैयारियाँ एवं व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
रायपुर, 01 अक्टूबर 2025

उप मुख्यमंत्री एवं बस्तर जिला प्रभारी मंत्री श्री विजय शर्मा ने आज केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के आगामी 04 अक्टूबर को होने वाले बस्तर प्रवास कार्यक्रम की तैयारियों का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आवश्यक तैयारियाँ एवं व्यवस्थाएँ समय से पहले पूरी कर ली जाएँ ताकि कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।
उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने सिरहासार भवन और लालबाग स्थित कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया और अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
इस अवसर पर सांसद बस्तर श्री महेश कश्यप, विधायक जगदलपुर श्री किरण देव, महापौर श्री संजय पाण्डे सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। वहीं प्रशासनिक स्तर पर कमिश्नर बस्तर श्री डोमन सिंह, आईजी बस्तर रेंज श्री सुंदरराज पी, कलेक्टर श्री हरिस एस, पुलिस अधीक्षक श्री शलभ सिन्हा एवं जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद थे।
राज्यपाल श्री डेका ने हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना की
रायपुर, 01 अक्टूबर 2025
राज्यपाल श्री रमेन डेका ने आज सिविल लाइन स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में दर्शन कर पूजा अर्चना की। उन्होंने प्रदेश की खुशहाली की कामना की।
