छत्तीसगढ़ / बलौदा बाजार

टीबी मुक्त भारत अभियान : बलौदाबाजार जिले को मिला राज्य स्तरीय पुरस्कार

 बलौदाबाजार । देश भर में प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान ज़ारी है जिसके तहत टीबी रोग की पहचान, उसकी जांच ,उपचार के संबंध में न केवल सुविधाओं में इजाफा किया जा रहा है अपितु आम जनजीवन में जागरूकता के साथ-साथ समुदाय की सहभागिता इस क्षय उन्मूलन कार्यक्रम में भी ली जा रही है।

बलौदाबाजार-भाटापारा जिले को प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान अंतर्गत 100 दिवसीय निक्षय निरामय अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए राज्य स्तर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया है। रायपुर के मेडिकल कॉलेज ऑडिटोरियम में राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ,स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया, आयुक्त सहसंचालक डॉ प्रियंका शुक्ला की उपस्थिति में बलौदाबाजार-भाटापारा जिले को प्रशस्ति पत्र सी.एम.एच.ओ डॉ. राजेश कुमार अवस्थी के नेतृत्व में सभी स्टाफ ने प्राप्त किया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ राजेश कुमार अवस्थी ने बताया कि जिले में प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान अंतर्गत विभिन्न प्रकार के घटक सम्मिलित हैं। जिसमें मरीज के लिए जांच की सुविधा जिले में निःशुल्क उपलब्ध है इसमें सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में एक्स-रे एवं जीन एक्सपर्ट मशीन ट्रु नाट का उपयोग किया जाता है जबकि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में माइक्रोस्कोपिक जाँच सुविधा उपलब्ध है। इलाज के लिए मरीज को छः माह का डॉट्स का उपचार दिया जाता है जो निःशुल्क है। मरीज को निक्षय पोषण योजना अंतर्गत इलाज अवधि के दौरान एक हज़ार की नकद सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से शासन द्वारा प्रदान की जाती है। इस वर्ष जनवरी से लेकर अप्रैल तक 367 मरीज पहचाने गए हैं जो उपचार ले रहे हैं।

टीबी मुक्त भारत अंतर्गत जिले में एक सौ दिवसीय निक्षय निरामय अभियान 7 दिसम्बर 2024 से 23 मार्च 2025 तक चलाया गया जिसमें जिले की 94 प्रतिशत जनसँख्या की सर्वे के माध्यम से टीबी स्क्रीनिंग की गई। ऐसे ही बलौदा बाज़ार जिले में वर्ष 2024 में 182 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त किया गया है जबकि 2023 में यह आकंड़ा 12 ही था।

आम जन समुदाय से अभियान में सहयोग हेतु निक्ष्य मित्र भी बनाये गए हैं जो टीबी के मरीज को गोद लेकर अतिरिक्त पोषण सहयोग देते हैं। जिले में महामहिम राज्यपाल रमेन डेका, जिला रेडक्रॉस सोसायटी सहित कई डॉक्टर, स्वास्थ्य कर्मी, जनप्रतिनिधि, कर्मचारी, व्यापारी, निक्षय मित्र बन टीबी के मरीजों को फ़ूड बास्केट प्रदान कर रहे हैं। जिले में अब तक 686 निक्षय मित्र पंजीकृत हुए हैं। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ अशोक कुमार वर्मा, डीपीएम सृष्टि मिश्रा, डीपीसी आलोक दुबे, अस्पताल सलाहकार रीना सलूजा सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image