चने के नाम पर 'खेला', 100 की जगह सिर्फ 5.73 हेक्टेयर में ही हुई बुआई, सच्चाई का ऐसे चला पता
रायपुर: राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन (NFSM) योजना के तहत चना बीज वितरण में अभनपुर विकासखंड के गांवों में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। राजस्व विभाग की जांच रिपोर्ट में खुलासा हुआ है, जिसमें टीला-चंपारण व भुरका-तोरला ग्रामों में कुल 100 हेक्टेयर में चना बोने का दावा किया गया था, वहां वास्तव में केवल 5.73 हेक्टेयर में ही चना बोया गया। जांच में सामने आया कि टीला व थोथीडीह में सिर्फ दो हेक्टेयर और भुरका में 3.73 हेक्टेयर क्षेत्र में ही फसल लगी थी।
इसके विपरीत कृषि विस्तार अधिकारियों ने 80 प्रतिशत बीज वितरण और फसल प्रदर्शन की फर्जी रिपोर्ट बना दी। जांच रिपोर्ट फरवरी 2025 में कृषि विभाग को भेजी गई थी। गिरदावरी की ऑनलाइन एंट्री न कर मैनुअल रिकॉर्ड दर्ज किए गए ताकि गड़बड़ी छिपाई जा सके। जांच के दौरान खेतों का निरीक्षण कर पटवारियों ने सच्चाई उजागर की।