छत्तीसगढ़ / रायपुर

लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की जीवनी पर नाट्य मंचन, मुख्यमंत्री व प्रदेश अध्यक्ष रहेंगे उपस्थित

 रायपुर । भारतीय जनता पार्टी के तत्वावधान में 18 जुलाई 2025, शुक्रवार को दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में संध्या 6 बजे पुण्यश्लोका लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की जीवनगाथा पर आधारित एक भव्य नाट्य मंचन का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जन्म शताब्दी के उपलक्ष्य में आयोजित विभिन्न आयोजनों की श्रृंखला का एक भाग है।


इस विराट आयोजन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंहदेव, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राज्य सरकार के मंत्रीगण, विधायकगण, निगम-मंडलों के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, प्रदेश एवं जिला भाजपा के पदाधिकारी, मोर्चा-प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि, सामाजिक व व्यापारी संगठनों के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम का उद्देश्य लोकमाता अहिल्याबाई के जीवन प्रसंगों को जनमानस तक पहुंचाना है ताकि समाज विशेषकर महिलाओं को उनके त्याग, सेवा और सामाजिक समर्पण से प्रेरणा मिले। भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर ने बताया कि लोकमाता का जीवन सामाजिक, धार्मिक व सांस्कृतिक मूल्यों की पुनर्स्थापना का प्रतीक रहा है और यह मंचन आज के युग में विशेष प्रासंगिक है।

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में जिला पदाधिकारियों व मंडल अध्यक्षों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में रमेश सिंह ठाकुर ने सभी को जिम्मेदारियां सौंपीं और कहा कि यह अवसर रायपुर जिला भाजपा के लिए गौरव का विषय है, अतः सभी को कार्यक्रम की सफलता हेतु तत्परता से कार्य करना होगा।

बैठक में महामंत्री सत्यम दुवा, श्यामा प्रसाद चक्रवर्ती, आशू चंद्रवंशी, ललित जयसिंह, सहित दर्जनों प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए समर्पण से कार्य करने का संकल्प लिया।

यह आयोजन न केवल लोकमाता की स्मृति को सम्मान देने वाला है, बल्कि समाज में महिला सशक्तिकरण, शिक्षा और सांस्कृतिक जागरूकता को भी नई दिशा देगा।

 

Leave Your Comment

Click to reload image