छत्तीसगढ़ / रायपुर

बढ़ईपारा में HSRP रजिस्ट्रेशन कैंप, 150 लोगों ने करवाया पंजीकरण

 रायपुर । विश्वकर्मा समाज रायपुर और छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के संयुक्त तत्वावधान में एचएसआरपी (हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट) रजिस्ट्रेशन का एकदिवसीय शिविर 22 जुलाई को दुलार धर्मशाला, बढ़ईपारा में आयोजित किया गया।

इस पहल का उद्देश्य लोगों को वाहन सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करना और एचएसआरपी लगवाने की प्रक्रिया को आसान बनाना था। शिविर में लगभग 150 वाहन मालिकों ने निर्धारित शुल्क देकर रजिस्ट्रेशन कराया।

 



शिविर का उद्घाटन तात्यापारा वार्ड की पार्षद एवं जोन-7 की अध्यक्ष श्रीमती श्वेता विश्वकर्मा ने किया। उन्होंने बताया कि यह अभियान सड़क एवं परिवहन विभाग, विश्वकर्मा समाज रायपुर और चैंबर ऑफ कॉमर्स की साझा पहल है। भविष्य में राशन कार्ड, मजदूर कार्ड, आधार, पेंशन, स्वास्थ्य शिविर, पीएम आवास और महतारी वंदन योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए भी शिविर लगाए जाएंगे।

 



रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया का संचालन सड़क एवं परिवहन विभाग के अधिकारियों आकृति बख्श, श्रवण सिंह और एचएसआरपी टीम के पायल, योगेश द्वारा किया गया। उन्होंने बताया कि एक अप्रैल 2019 से पहले रजिस्टर्ड सभी वाहनों में एचएसआरपी लगाना अनिवार्य है। रजिस्ट्रेशन के 10–12 दिन के भीतर नंबर प्लेट बनकर तैयार हो जाती है और इसे परिवहन विभाग द्वारा अधिकृत कंपनी के माध्यम से ही वाहन में लगाया जाता है।

जरूरी दस्तावेज
एचएसआरपी रजिस्ट्रेशन के लिए वाहन मालिक को आरसी बुक, आधार कार्ड और पंजीकृत मोबाइल नंबर साथ लाना अनिवार्य है। यह पहल वाहन चोरी रोकने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है।

कार्यक्रम में श्रीमती श्वेता विश्वकर्मा के साथ-साथ चैंबर ऑफ कॉमर्स के उपाध्यक्ष लोकेश चंद्रकांत जैन, विश्वकर्मा समाज के अध्यक्ष रमेश शर्मा और समाज के अन्य प्रमुख सदस्य—मनोज, सूरज, शंकर, राहुल, गरिमा, संतोष, प्रमोद, विजय, रोहित विश्वकर्मा और प्रनीत जैन मौजूद रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image