छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की 37वीं बैठक आज संपन्न
रायपुर |
2025-08-07 11:37:49
महत्वपूर्ण 23 एजेंडों पर हुई विस्तृत चर्चा
रायपुर, 7 अगस्त 2025 —
छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की 37वीं बैठक आज राजधानी रायपुर स्थित टूरिज्म बोर्ड के मुख्यालय में आयोजित की गई।
छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के माननीय अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा जी की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में प्रबंध संचालक श्री विवेक आचार्य ने 23 एजेंडों को विस्तार से प्रस्तुत किया जिस पर माननीय संचालक मंडल के सदस्यगणों द्वारा सहमति प्रदान करते हुए महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए गए।इस बैठक में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।
बैठक का उद्देश्य छत्तीसगढ़ राज्य में पर्यटन क्षेत्र के विकास को नई दिशा देना, पूर्व निर्धारित परियोजनाओं की समीक्षा करना तथा आने वाली योजनाओं पर सामूहिक निर्णय लेना रहा। बैठक में कुल 23 मुख्य एजेंडों के साथ माननीय अध्यक्ष की अनुमति से 2 अतिरिक्त एजेंडों पर चर्चा के साथ 3 सूचनाएं भी प्रदान की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए श्री नीलू शर्मा जी ने कहा:
"छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता, प्राकृतिक सौंदर्य और ऐतिहासिक विरासत को विश्व स्तर पर पहचान दिलाने के लिए हम सभी को मिलकर एक ठोस और दूरदर्शी रणनीति बनानी होगी। हमारा उद्देश्य केवल पर्यटन को बढ़ावा देना नहीं है, बल्कि स्थानीय रोजगार सृजन, आर्थिक विकास और सांस्कृतिक संरक्षण भी उतना ही महत्वपूर्ण है।"
एजेंडे में शामिल प्रस्तावों को क्रियान्वयन के लिए जल्द ही संबंधित विभागों को भेजा जाएगा। आने वाले समय में इन योजनाओं के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के पर्यटन क्षेत्र में नए आयाम स्थापित होंगे।