छत्तीसगढ़ / रायपुर

NHM कर्मियों की हड़ताल पर सिंहदेव बोले: 'वादा पूरा न करना बनी थी हार की वजह'...

 रायपुर। प्रदेशभर में नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) के अस्थाई कर्मचारियों का नियमितीकरण और अन्य मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन आंदोलन जारी है। राजधानी रायपुर समेत सभी जिला मुख्यालयों में 18 अगस्त से शुरू हुई इस हड़ताल का सीधा असर स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ा है। छत्तीसगढ़ में वर्तमान में लगभग 16 हजार कर्मचारी एनएचएम के तहत कार्यरत हैं।

सरकार ने हड़तालियों पर सख्ती दिखाते हुए "नो वर्क, नो पे" आदेश जारी किया है। कई जिलों के सीएमएचओ ने हड़ताली कर्मियों को नोटिस थमाते हुए चेतावनी दी है कि यदि वे ड्यूटी पर नहीं लौटे तो उन्हें नौकरी से बर्खास्त भी किया जा सकता है।

वादा पूरा न करना बनी थी हार की वजह : सिंहदेव
इस बीच, कांग्रेस सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रहे टीएस सिंहदेव ने आंदोलनकारियों का समर्थन करते हुए बड़ा बयान दिया। महासमुंद पहुंचे सिंहदेव ने कहा कि हमारी सरकार ने एनएचएम कर्मियों से किया वादा पूरा नहीं किया। यही हमारी और कांग्रेस की हार का कारण बना। जनता की मांग पूरी न करने वाली सरकारें हारती हैं।

वर्तमान स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने कहा कि कर्मचारियों की कई मांगों जैसे 22% वेतन वृद्धि, ट्रांसफर नीति और 30 दिनों के चिकित्सकीय अवकाश को मान लिया गया है। लेकिन नियमितीकरण की मांग केंद्र सरकार की मंजूरी पर निर्भर है।

Leave Your Comment

Click to reload image