राजधानी में बनेंगे तीन नए ओवरपास, डिप्टी सीएम साव ने किया शिलान्यास
रायपुर । उप मुख्यमंत्री और लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने सोमवार को शहर के तीन प्रमुख स्थलों पर तीन नए ओवरपास का शिलान्यास किया। इन ओवरपास के निर्माण पर कुल 117 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आएगी। इसी तरह ठक्कर बापा वार्ड में 19.60 करोड़ पानी टंकी और दानवीर भामाशाह वार्ड, शुक्रवारी बाजार में 3.37 करोड़ रुपए की लागत से बने नए शाला भवन का भी भूमिपूजन किया गया।
उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि इन ओवरपास का निर्माण राजधानी में बढ़ती जनसंख्या और यातायात के दबाव को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “इन पुलों के बनने से न केवल यातायात की समस्या कम होगी, बल्कि नागरिकों को समय की बचत और रोजमर्रा की यात्रा में सुविधा भी मिलेगी। यह क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित मांगों में से एक थी और आज हम इसे पूरा करने में सफल हुए हैं।”