तेलीबांधा ब्रिज के नीचे चला टीम प्रहरी अभियान, यातायात जाम से मिली राहत
रायपुर। जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के आदेशानुसार तथा रायपुर नगर निगम आयुक्त विश्वदीप और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह के निर्देश पर रायपुर नगर निगम क्षेत्र में जनहित और जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए टीम प्रहरी अभियान नियमित रूप से चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य मुख्य मार्गों और बाजार क्षेत्रों में यातायात को सुगम बनाना है।
इसी क्रम में टीम प्रहरी अभियान के तहत नगर निगम जोन क्रमांक 3 क्षेत्र में तेलीबांधा ब्रिज के नीचे संयुक्त कार्रवाई की गई। नगर निगम जोन 3 के नगर निवेश विभाग की टीम और नगर निगम मुख्यालय के नगर निवेश विभाग के उड़न दस्ते ने सख्ती से कार्रवाई करते हुए सड़क पर अवैध रूप से लगे तीन ठेलों को तत्काल जब्त कर लिया। इसके अलावा लगभग नौ ठेलों को मौके से हटाया गया।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में लगने वाले यातायात जाम की समस्या से नागरिकों को त्वरित राहत मिली और यातायात व्यवस्था सुव्यवस्थित हो गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में यातायात सुधार और जनसुविधा सुनिश्चित करने के लिए टीम प्रहरी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।