विधानसभा थाना क्षेत्र में संदिग्ध हालात में मजदूर की मौत, हत्या की आशंका
रायपुर - विधानसभा थाना क्षेत्र अंतर्गत रामा वर्ल्ड इलाके में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में क्षत-विक्षत लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान शुभम राणा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से देवघर (झारखंड) का निवासी था। शुभम रायपुर में रहकर स्वर्णभूमि क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान में बढ़ईगिरी का काम करता था और अपने अन्य मजदूर साथियों के साथ वहीं निवासरत था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती रात करीब 11 बजे शुभम अचानक अपने कमरे से बाहर निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। उसके साथियों ने पहले इसे सामान्य मानते हुए ज्यादा ध्यान नहीं दिया। सुबह जब मजदूर काम पर जाने के लिए उठे, तो पास ही रामा वर्ल्ड इलाके में एक युवक की क्षत-विक्षत लाश देखी। पास जाकर पहचान करने पर वह शुभम राणा निकला।सूचना मिलते ही विधानसभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में शव पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे यह मामला सामान्य दुर्घटना न होकर किसी हिंसक वारदात या साजिश की ओर इशारा कर रहा है।घटना की जानकारी मिलते ही शुभम के परिजन झारखंड से रायपुर पहुंचे। उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल क्षेत्र में दहशत का माहौल है।