छत्तीसगढ़ / रायपुर

अंबिकापुर में 4 डिग्री पहुंचा पारा, रायपुर सहित कई जिलों में ठंड का प्रकोप

रायपुर - पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होते ही छत्तीसगढ़ में एक बार फिर ठंड ने शीतलहर के रूप में वापसी कर ली है। न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जिसके चलते मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए राज्य के कई इलाकों में अलर्ट जारी किया है। ठंड का सबसे अधिक असर राज्य के उत्तरी और मध्य हिस्सों में देखने को मिलेगा। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में घना कोहरा और धुंध छाने की भी संभावना जताई गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बीते तीन दिनों से नमी युक्त हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई थी, लेकिन अब पश्चिमी विक्षोभ आगे बढ़ चुका है।इसके प्रभाव से रात के तापमान में तेजी से गिरावट आने और ठंड के तीखे दौर की शुरुआत होने की उम्मीद है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगले तीन से चार दिनों तक प्रदेश में ठंड का जोरदार असर बना रहेगा।

मौसम विभाग ने मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया, सूरजपुर, सरगुजा, जशपुर, बलरामपुर, रायपुर, दुर्ग, बालोद, राजनांदगांव, बेमेतरा, कबीरधाम, मोहला-मानपुर और खैरागढ़-छुईखदान जिलों में शीतलहर जैसी स्थिति रहने की चेतावनी जारी की है।पिछले 24 घंटों में हवा में नमी कम होने से अधिकतर शहरों का न्यूनतम तापमान सामान्य के करीब पहुंच गया है। वहीं पेंड्रा और अंबिकापुर में कड़ाके की ठंड का दौर शुरू हो गया है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रायपुर में यह 14.3 डिग्री सेल्सियस रहा।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image