छत्तीसगढ़ / रायपुर

राजधानी में 260 CSC बंद, हजारों आईडी जांच के घेरे में

रायपुर - जिले में कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) व्यवस्था की समीक्षा के बाद प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जांच में लापरवाही और निष्क्रियता सामने आने पर रायपुर में 260 सीएससी सेंटर बंद कर दिए गए हैं। इसके साथ ही लंबे समय से काम नहीं कर रहे 1400 से अधिक सीएससी संचालकों की पहचान कर ली गई है, जिनकी आईडी जल्द बंद की जाएगी।

जिला प्रशासन के अनुसार फिलहाल रायपुर जिले में 3000 से ज्यादा सीएससी आईडी सक्रिय हैं, लेकिन फील्ड वेरिफिकेशन और शिकायतों के आधार पर पाया गया कि कई सेंटर सिर्फ कागजों में संचालित हो रहे थे। इससे आम नागरिकों को जरूरी डिजिटल और सरकारी सेवाएं समय पर नहीं मिल पा रही थीं।

कॉमन सर्विस सेंटरों के जरिए पैन कार्ड बनवाने, बिजली-पानी के बिल भुगतान, बैंकिंग और बीमा सेवाएं, पेंशन और छात्रवृत्ति आवेदन, आयुष्मान भारत योजना, विभिन्न सरकारी योजनाओं के ऑनलाइन आवेदन और टिकट बुकिंग जैसी सेवाएं दी जाती हैं। ऐसे में सेंटरों की निष्क्रियता का सीधा असर आम लोगों पर पड़ रहा था।

सीएससी रायपुर के जिला प्रबंधक सुनील पाण्डेय ने बताया कि यह कार्रवाई सेवाओं की गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है। उन्होंने कहा कि जो सीएससी सेंटर सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं और नागरिकों को निर्धारित सेवाएं दे रहे हैं, उन्हें प्रोत्साहित किया जाएगा, जबकि लापरवाह और निष्क्रिय संचालकों को सिस्टम से बाहर किया जाएगा।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आने वाले समय में सीएससी सेंटरों की नियमित समीक्षा, ऑन-ग्राउंड जांच और प्रदर्शन के आधार पर मूल्यांकन जारी रहेगा। इस सख्ती से सीएससी नेटवर्क को मजबूत करने के साथ-साथ नागरिकों को तेज, भरोसेमंद और प्रभावी डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।

Leave Your Comment

Click to reload image