छत्तीसगढ़ / रायपुर

साझेदारी का लालच देकर 96 लाख ऐंठे, 46 लाख लेकर ठग घर बेचकर फरार

रायपुर - राजधानी रायपुर में एक कपड़ा कारोबारी से करीब 46 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। यह प्रकरण सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है, जिसमें ठगों ने ट्रांसपोर्ट कारोबार में साझेदारी का झांसा देकर बड़ी रकम हड़प ली और बाद में फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार रायपुर निवासी कपड़ा कारोबारी राजेश तलरेजा को बलवीर सिंह सेंस, शबनम खान और नवनीत कौर ने ट्रांसपोर्ट बिजनेस में पार्टनर बनाने का भरोसा दिलाया। आरोपियों ने वर्ष 2001 से 2004 के बीच कारोबारी से 21 किश्तों में कुल 96 लाख 33 हजार रुपये लिए। शुरुआत में विश्वास बनाए रखने के लिए आरोपियों ने कुछ समय बाद 50 लाख 7 हजार रुपये वापस कर दिए, लेकिन शेष रकम लौटाने में टालमटोल करने लगे।

जब पीड़ित ने अपना बचा हुआ 46 लाख रुपये वापस मांगा, तो आरोपी अपना घर बेचकर रायपुर से फरार हो गए। ठगी का एहसास होने पर कपड़ा कारोबारी ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

पुलिस जांच में सामने आया है कि ठगों ने योजनाबद्ध तरीके से किश्तों में रकम ली और बाद में फरार हो गए। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image