छत्तीसगढ़ / रायपुर

ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, 50 लाख नकद के साथ 4 गिरफ्तार

 रायपुर - रायपुर पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 50 लाख 35 हजार रुपये नकद समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी ऑनलाइन बैटिंग साइट्स के लिए आईडी उपलब्ध कराकर कमीशन के जरिए अवैध मुनाफा कमा रहे थे।


यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना गंज पुलिस की संयुक्त टीम ने की।

पुलिस को 8 जनवरी को सूचना मिली थी कि थाना गंज क्षेत्र के पाठक हॉस्पिटल रोड स्थित सिंधु भवन पार्किंग के पास एक कार में सवार कुछ लोग ऑनलाइन सट्टा चला रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर घेराबंदी कर चारपहिया वाहन को चिन्हित किया। कार में सवार चार युवकों से पूछताछ की गई, जिन्होंने अपने नाम रितेश गोविंदानी, मोहम्मद अख्तर, विक्रम राजकोरी और सागर पिंजानी बताए।

जांच के दौरान आरोपियों के लैपटॉप और मोबाइल फोन में Allpanelexch.com, Power7777.com, Powerexch.com और Classicexch99.com जैसी ऑनलाइन बैटिंग साइट्स की मास्टर आईडी और यूजर आईडी के जरिए सट्टा संचालित होना पाया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 50.35 लाख रुपये नकद, 2 लैपटॉप, 10 मोबाइल फोन, हुंडई टक्सन कार, पासपोर्ट, एटीएम कार्ड, चेक बुक और कैलकुलेटर जब्त किए। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 80 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार, रितेश गोविंदानी और सागर पिंजानी मास्टर आईडी उपलब्ध कराते थे, जबकि मोहम्मद अख्तर और विक्रम राजकोरी ग्राहकों को अलग-अलग बैटिंग साइट्स की आईडी कमीशन के आधार पर देते थे। सभी आरोपी मिलकर अवैध रूप से करोड़ों रुपये का लेनदेन कर रहे थे। आरोपियों के बैंक खातों में मौजूद भारी रकम को भी होल्ड कराया गया है।

गिरफ्तार आरोपी
रितेश गोविंदानी पिता प्रहलाद गोविंददानी उम्र 32 वर्ष निवासी ए-602 ओम श्री अपार्टमेंट शंकर नगर थाना खम्हारडीह रायपुर।
मोह. अख्तर पिता मोह. आरिफ उम्र 32 वर्ष निवासी मौदहापारा गली नंबर 02 थाना मौदहापारा जिला रायपुर।
विक्रम राजकोरी पिता मोहन राजकोरी उम्र 32 वर्ष निवसी ए-206 वेदा इंटरनेशनल के पीछे सुंदर नगर थाना डी.डी. नगर जिला रायपुर।
सागर पिंजानी पिता अनुप पिंजानी उम्र 30 वर्ष अश्वनी नगर एकता कैम्पस मकान नंबर 17 थाना पुरानी बस्ती जिला रायपुर।

चारों आरोपियों के खिलाफ थाना गंज में अपराध क्रमांक 06/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7, 112(2) बीएनएस और आईटी एक्ट की धारा 66(सी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि आईडी लेकर ऑनलाइन सट्टा खेलने वाले ग्राहकों की जानकारी भी सामने आई है, जिनके खिलाफ आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि आरोपी रितेश गोविंदानी और विक्रम राजकोरी पूर्व में भी अलग-अलग मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की बदलती जीवनशैली और लगातार बड़े खर्चों पर पहले से नजर रखी जा रही थी, जिसके चलते यह कार्रवाई संभव हो सकी।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image