छत्तीसगढ़ / रायपुर

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव श्री सिंह ने किया मनरेगा एवं एनआरएलएम कार्यों का निरीक्षण

 रायपुर, 4 फरवरी 2026

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव श्री सिंह ने किया मनरेगा एवं एनआरएलएम कार्यों का निरीक्षण

छत्तीसगढ़ शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव श्री भीम सिंह ने सूरजपुर जिले के प्रवास के दौरान जनपद पंचायत प्रतापपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत चन्दौरा में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत किए जा रहे नाला ट्रीटमेंट कार्यों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सचिव श्री सिंह ने गोतकत्वा नाला में निर्मित मिट्टी बांध का अवलोकन किया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत सूरजपुर ने बताया कि उक्त नाले में कुल 344 कार्य स्वीकृत होकर पूर्ण किए जा चुके हैं। ग्रामीणों ने बताया कि बांध निर्माण से लगभग 50 हेक्टेयर क्षेत्र में खेती संभव हो सकी है, जिससे किसानों को प्रत्यक्ष लाभ मिला है तथा भू-जल स्तर में भी वृद्धि हुई है। वर्तमान में ग्रामीण वर्ष में तीन फसलें ले रहे हैं एवं सब्जी उत्पादन कर बाजार में विक्रय कर अपनी आय में वृद्धि कर रहे हैं।

ग्रामीणों ने यह भी जानकारी दी कि बांध में महिला समूह द्वारा मत्स्य पालन किया जा रहा है। साथ ही बांध के ऊपरी छोर पर जनपद पंचायत के सहयोग से क्रेडा द्वारा सोलर पंप उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे सिंचाई सुविधा सुदृढ़ हुई है। इसके पश्चात सचिव श्री सिंह ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) अंतर्गत गौरी महिला स्वयं सहायता समूह, ग्राम पंचायत सरहारी द्वारा कुटीर उद्योग के माध्यम से बनाए जा रहे कुरकुरे एवं पॉपकॉर्न का अवलोकन किया। उन्होंने इस प्रकार की आजीविका गतिविधियों के विस्तार हेतु आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला एवं जनपद स्तर के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image