छत्तीसगढ़ / गरियाबंद

शिक्षिकाओं के वायरल विडिओ से मचा ह्ड़कंप

 गरियाबंद :जिला मुख्यालय स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय की कुछ शिक्षिकाओं के दो वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो में शिक्षिकाएं स्कूल परिसर के भीतर कैटवॉक करती नजर आ रही हैं, जबकि दूसरे वीडियो में वे विद्यालय परिसर में एक शिक्षक के दामाद का स्वागत करती दिखाई दे रही हैं।

इन वीडियो के सामने आने के बाद विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों के अभिभावकों में गहरी नाराजगी और चिंता देखी जा रही है। अभिभावकों का कहना है कि जिस विद्यालय में बच्चों को अनुशासन, नैतिकता और संस्कारों की शिक्षा दी जाती है, वहीं शिक्षिकाओं द्वारा इस प्रकार के वीडियो बनाना अनुचित है। इससे बच्चों के मानसिक विकास पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।
अभिभावकों ने आशंका जताई कि यदि शिक्षक-शिक्षिकाएं पढ़ाने के बजाय इस तरह के वीडियो और गतिविधियों में लिप्त रहेंगी, तो बच्चे भी पढ़ाई से भटककर उसी दिशा में जाने लगेंगे। उनका कहना है कि विद्यालय शिक्षण का मंदिर है, न कि मनोरंजन या निजी आयोजनों का स्थल। स्वागत समारोह अथवा व्यक्तिगत कार्यक्रम विद्यालय परिसर में आयोजित करना नियमों के विपरीत है।
गौरतलब है कि कुछ समय पूर्व इन्हीं शिक्षिकाओं द्वारा विद्यालय की प्राचार्य के विरुद्ध विरोध प्रदर्शन किया गया था। प्राचार्य वर्षों से विद्यालय की शैक्षणिक और अनुशासनात्मक व्यवस्था को सख्ती से संचालित कर रही हैं। एक अभिभावक ने आरोप लगाया कि अनुशासन बनाए रखने के लिए प्राचार्य द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों के कारण ही कुछ शिक्षिकाएं उनसे असंतुष्ट थीं।
बताया जा रहा है कि वायरल दोनों वीडियो प्राचार्य की अनुपस्थिति में बनाए गए, जिनमें उप-प्राचार्य की उपस्थिति भी देखी जा सकती है। इससे विद्यालय प्रशासन की कार्यप्रणाली और जिम्मेदारी पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि यह विद्यालय सहशिक्षा प्रणाली पर आधारित है, जहां बालक और बालिकाएं एक साथ अध्ययन करते हैं। ऐसे में शिक्षकों का आचरण और व्यवहार विद्यार्थियों के लिए आदर्श होना आवश्यक है। अभिभावकों का कहना है कि विद्यालय में अनुशासन तभी तक बना रहता है, जब तक उसकी कमान अनुशासित और जिम्मेदार हाथों में होती है।
फिलहाल, इस पूरे मामले पर शिक्षा विभाग और विद्यालय प्रशासन की ओर से किसी आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।

Leave Your Comment

Click to reload image