छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

महाशिवरात्रि पर जिला न्यायालय आवासीय परिसर में शिवलिंग स्थापना: कलश यात्रा से गूंजा कवर्धा, भक्ति और एकता का संदेश

 कवर्धा।

महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर कवर्धा स्थित जिला न्यायालय के कर्मचारियों के आवासीय परिसर में भगवान भोलेनाथ के शिवलिंग की विधि-विधानपूर्वक स्थापना की जाएगी। इस पवित्र आयोजन को लेकर पूरे आवासीय परिसर में उत्साह और श्रद्धा का वातावरण बना हुआ है।

शिवलिंग स्थापना से पूर्व आवासीय कॉलोनी के परिवारों सहित नगर की महिलाओं द्वारा भव्य कलश यात्रा निकाली गई। शाम चार बजे प्रारंभ हुई यह शोभायात्रा नगर के विभिन्न वार्डों से होकर गुजरी। यात्रा के दौरान श्रद्धालु महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर “ॐ नमः शिवाय” और “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

भक्ति और आस्था से सराबोर यह कलश यात्रा पुनः आवासीय परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। आयोजन समिति के अनुसार महाशिवरात्रि के शुभ मुहूर्त में विधि-विधान, मंत्रोच्चार और वैदिक रीति से शिवलिंग की स्थापना की जाएगी।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य आवासीय परिसर में आध्यात्मिक वातावरण का निर्माण करना, परिवारों में धार्मिक संस्कारों को सुदृढ़ करना तथा समाज में एकता, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना है। कर्मचारियों और उनके परिजनों की सहभागिता ने यह स्पष्ट कर दिया है कि सामूहिक धार्मिक आयोजन सामाजिक समरसता को मजबूत करने का सशक्त माध्यम हैं।

महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर पूरा परिसर शिवमय होने को तैयार है, जहां श्रद्धा, सेवा और समर्पण की भावना के साथ भगवान भोलेनाथ की आराधना की जाएगी।

Leave Your Comment

Click to reload image