कवर्धा-कबीरधाम पुलिस द्वारा पूर्व में नकली देशी प्लेन मदिरा बनाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के विरुद्ध की गई कार्यवाही के प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त हुई है। यह कार्यवाही पुलिस अधीक्षक कबीरधाम धर्मेन्द्र सिंह (IPS) के नेतृत्व में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कबीरधाम पुष्पेन्द्र बघेल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कबीरधाम अमित पटेल के मार्गदर्शन में एवं एसडीओपी बोड़ला अखिलेश कौशिक के पर्यवेक्षण में की गई।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 26 नवम्बर 2025 को थाना बोड़ला अंतर्गत चौकी पोड़ी क्षेत्र के ग्राम पोड़ी में नकली देशी प्लेन मदिरा का अवैध निर्माण करते हुए आरोपियों नंद कुमार कुर्रे, इस्लाम उर्फ सुद्दू, शेख साजिद एवं छोटू उर्फ दिनेश चंद्रवंशी को गिरफ्तार कर नकली शराब एवं शराब निर्माण में प्रयुक्त सामग्री बड़ी मात्रा में जप्त की गई थी। प्रकरण में उक्त चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया था।
प्रकरण में फरार चल रहा आरोपी जावेद अख्तर पिता करामतदीन उम्र 26 वर्ष निवासी पोड़ीटोला चौकी पोड़ी थाना बोड़ला जिला कबीरधाम, जो नकली शराब निर्माण के नेटवर्क में सहयोगी के रूप में संलिप्त था, को दिनांक 15 फरवरी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है।
पूछताछ में आरोपी द्वारा नकली शराब निर्माण हेतु स्टिकर, होलोग्राम, ढक्कन, केमिकल एवं अन्य सामग्री बाहर के राज्य झारखंड से उपलब्ध कराए जाने की पुष्टि की गई है। प्रकरण में अन्य संलिप्त आरोपियों एवं नेटवर्क से जुड़े व्यक्तियों की पतासाजी की जा रही है।
आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)ख, 34(2), 35, 49क, 59क तथा बीएनएस की धारा 318(4), 336(2), 336(3), 340(2), 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध है। विवेचना जारी है।
कबीरधाम पुलिस द्वारा अवैध शराब, नकली मदिरा निर्माण एवं जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। जिले में किसी भी प्रकार की अवैध शराब गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।