अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय में 57 एमओयू, 5 शोधपीठ स्थापित
कुलपति ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों और आगामी कुलपति सम्मेलन की जानकारी साझा की
बिलासपुर । अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय में 20 फरवरी 2026 को आयोजित प्रेस वार्ता में कुलपति आचार्य प्रो. अरुण दिवाकर नाथ बाजपेयी ने कार्यपरिषद की बैठक में लिए गए अहम निर्णयों, अपने कार्यकाल की उपलब्धियों और आगामी कुलपति सम्मेलन की जानकारी साझा की।
₹63 करोड़ व्यय का प्रस्ताव, ₹9 करोड़ घाटे का अनुमान
कार्यपरिषद की बैठक में शैक्षणिक सत्र 2027–28 के बजट पर चर्चा की गई। प्रस्तावित बजट के अनुसार विश्वविद्यालय की अनुमानित आय ₹54 करोड़ और व्यय ₹63 करोड़ आंका गया है, जिससे ₹9 करोड़ का घाटा संभावित है। कुलपति ने बताया कि यह घाटा बुनियादी ढांचे, शोध और शैक्षणिक विस्तार में निवेश की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। बैठक में विश्वविद्यालय के शोधपीठों के निदेशकों की नियुक्ति को स्वीकृति दी गई तथा यह निर्णय लिया गया कि सभी औपचारिक कार्यक्रमों की शुरुआत कुलगीत और समापन राष्ट्रगीत से होगा।
कार्यकाल की उपलब्धियां
प्रो. बाजपेयी का कार्यकाल 22 फरवरी 2026 को पूर्ण हो रहा है। उन्होंने बताया कि इस अवधि में विश्वविद्यालय ने 57 राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय एमओयू किए, 5 शोधपीठ स्थापित कीं और 21 नए विभागों के गठन का प्रस्ताव शासन को भेजा। उन्होंने कहा कि विष्णु देव साय का किसी राज्य विश्वविद्यालय में पहला आगमन इसी विश्वविद्यालय में हुआ, जो संस्थान के लिए गौरव का विषय है।
अधोसंरचना में तेजी, ₹100 करोड़ के कार्य प्रगति पर
5 फरवरी 2022 को नए परिसर में स्थानांतरण के बाद अधोसंरचना विकास में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। विश्वविद्यालय की संचित निधि ₹2 करोड़ से बढ़ाकर ₹10 करोड़ की गई। प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा अभियान (PM-USHA) के अंतर्गत ₹20 करोड़ की राशि विकास कार्यों के लिए प्राप्त हुई। शिक्षकों की कमी दूर करने हेतु नए संकाय सदस्यों की नियुक्ति की गई। वर्तमान में छात्रावास सहित लगभग ₹100 करोड़ के निर्माण एवं विकास कार्य जारी हैं। ₹9 करोड़ की लागत से ट्रांजिट गेस्ट हाउस निर्माण को लेकर शासन से अंतिम चरण की चर्चा चल रही है।
21–22 फरवरी को कुलपति सम्मेलन
विश्वविद्यालय में 21 और 22 फरवरी को “Vice-Chancellors’ Conference” का आयोजन किया जाएगा, जिसका विषय “Transforming Universities for Holistic Development” रखा गया है। सम्मेलन में देशभर के 41 कुलपति शामिल होंगे। इसमें छात्र-केंद्रित शिक्षा, राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के क्रियान्वयन, अनुसंधान एवं नवाचार, डिजिटल तकनीक, उद्योग–अकादमिक सहयोग और बहुविषयक शिक्षा पर चर्चा होगी।
प्रेस वार्ता में यह भी बताया गया कि छत्तीसगढ़ के राज्यपाल का विश्वविद्यालय आगमन प्रस्तावित है, जो उनका चौथा दौरा होगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसे उच्च शिक्षा के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया है