छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

इंडोनेशिया-इंडिया टेस्ट सीरीज में गुरुकुल के रामू सिंह का दमदार प्रदर्शन

 भारतीय टीम बनी स्वर्ण विजेता

कवर्धा । गुरुकुल पब्लिक स्कूल कवर्धा के क्रीड़ा शिक्षक रामू सिंह ठाकुर ने इंडोनेशिया-इंडिया बॉल बैडमिंटन टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इंडोनेशिया में 13 से 19 फरवरी तक आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारतीय टीम ने मेजबान इंडोनेशिया को 3-0 से पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

विद्यालय के मीडिया प्रभारी एवं हिंदी पीजीटी डॉ. विजय कुमार शाही ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि बॉल बैडमिंटन खेल भारत के साथ-साथ इंडोनेशिया में भी अत्यंत लोकप्रिय है। इस वर्ष आयोजित टेस्ट सीरीज में भारत की ओर से 10 खिलाड़ियों का दल शामिल हुआ, जिसमें छत्तीसगढ़ से एकमात्र खिलाड़ी के रूप में गुरुकुल के क्रीड़ा शिक्षक रामू सिंह ठाकुर को चयनित किया गया।

प्रतियोगिता में भारतीय दल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एकतरफा मुकाबले में इंडोनेशिया को 3-0 से हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया। इस जीत में रामू सिंह ठाकुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनकी इस उपलब्धि से गुरुकुल परिवार सहित पूरे कवर्धा जिले में हर्ष का माहौल है।

विद्यालय के प्राचार्य मनोज कुमार राय ने रामू सिंह ठाकुर को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने अपेक्षाओं के अनुरूप शानदार प्रदर्शन कर न केवल विद्यालय बल्कि पूरे राज्य और देश को गौरवान्वित किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि ठाकुर भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते रहेंगे।

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व जनवरी 2023 में मलेशिया के कुआलालंपुर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय हिंदी साहित्य सम्मेलन में भी गुरुकुल के हिंदी शिक्षक डॉ. विजय कुमार शाही भाग ले चुके हैं। अब क्रीड़ा शिक्षक रामू सिंह ठाकुर इंडोनेशिया के बाली में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में भाग लेने वाले संस्था के दूसरे शिक्षक बन गए हैं।

संस्था के अध्यक्ष, निदेशक मंडल, प्रशासक, समस्त शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने रामू सिंह ठाकुर को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

Leave Your Comment

Click to reload image