छत्तीसगढ़ / गौरेला पेंड्रा मरवाही

कलेक्टर ने टीएल बैठक में पेयजल व्यवस्था के साथ ही धान उठाव, आवास निर्माण आदि में प्रगति लाने दिए निर्देश

 गौरेला पेण्ड्रा मरवाही, 24 फरवरी 2026

साप्ताहिक समय सीमा की बैठक में कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी ने जन समस्याओं एवं जन शिकायतों के निराकरण तथा योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में किसी भी तरह से पेय जल की समस्या नहीं होनी चाहिए, इसके लिए अभी से तैयारी सुनिश्चित कर लें। उन्होंने ने ग्रामीण एवं शहरी दोनों क्षेत्रों में ग्रीष्म काल में समुचित पेयजल व्यवस्था के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग सहित संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने उपार्जन केंद्रों से मिलर्स द्वारा किए जा रहे धान कराए उठाव में प्रगति लाने, राजस्व प्रकरणों का समय सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति लाने कहा।
          कलेक्टर ने आधार सीडिंग, आधार अपडेट, ई-केवाईसी के कार्यो को 15 मार्च तक शतप्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में जनधन खाता, कौशल विकास, आभा कार्ड, पीएम किसान सम्मान निधि, पोषण आहार, धरती माता बचाव अभियान, एग्री स्टेक पंजीयन आदि की स्थिति की जानकारी ली तथा विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में लक्ष्य के अनुरुप प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला एवं अधीनस्थ कार्यालयों में सभी फाइलों का संचालन एवं विभागीय पत्राचार ई-ऑफिस के माध्यम से करने और कार्यालयों में बायोमेट्रिक या आधार बेस उपस्थिति अनिवार्य रुप से सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। बैठक में एसडीओ फॉरेस्ट गौतम पड़िभार, संयुक्त कलेक्टर दिलेराम डाहिरे सहित विभिन्न विभागों के जिला, अनुविभाग एवं खण्ड अधिकारी उपस्थित थे।

Leave Your Comment

Click to reload image