कलेक्टर जनदर्शन में आज 16 आवेदन हुए प्राप्त, सभी आवेदनों को समय-सीमा में निराकरण के दिए गए निर्देश
एमसीबी, 24 फरवरी 2026
कलेक्टर डी. राहुल वेंकट ने आज कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जनदर्शन में जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं को सीधे कलेक्टर के समक्ष रखा। कलेक्टर ने जनदर्शन में प्राप्त सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के साथ समय-सीमा में त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आज आयोजित जनदर्शन में कुल 16 आवेदन प्राप्त हुए।
आज के जनदर्शन में समस्त वार्डवासी मनेन्द्रगढ़ द्वारा भूमि से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया गया। इसी तरह सरपंच खैरबना द्वारा विद्युतीकरण से संबंधित विषय, सरपंच सिरौली द्वारा कार्यालय की अनुमति के बिना लगाए जा रहे डामर प्लांट पर रोक लगाने के संबंध में आवेदन दिया गया। डी. सांगा निवासी मनेन्द्रगढ़ द्वारा रेलवे कॉलोनी में स्थित गुप्ता किराना दुकान पर बैठाकर सिगरेट पिलाने एवं नशाखोरी कराए जाने की शिकायत की गई। अरविंद पटेल निवासी सलवा द्वारा सरपंच हीरा सिंह पर अपने पद का दुरुपयोग करते हुए स्वयं एवं अपने भाई को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की शिकायत प्रस्तुत की गई। शिवकुमार यादव निवासी मनेन्द्रगढ़ द्वारा आवास तक आवागमन के लिए अस्थायी मार्ग खुलवाने, मोतीलाल निवासी नागपुर द्वारा आवास राशि किसी अन्य व्यक्ति के खाते में चले जाने, जलन सिंह निवासी झगराखंड द्वारा भूमि संबंधी विषय, मानमती निवासी जुईली द्वारा नामांतरण कराने, समस्त ग्रामवासी निवासी कुदरा द्वारा नवीन स्वीकृत भवन के निर्माण स्थल पर आपत्ति, दीपक चौहथा निवासी खोगापानी द्वारा क्षतिग्रस्त प्रतिमा की मरम्मत अथवा पुनर्स्थापना, धीरेसाय सिंह निवासी घुटरा द्वारा भूमि से संबंधित विषय, सुनीता गुप्ता निवासी चिरमिरी द्वारा भूमि संबंधी आवेदन, सुनीता निवासी मनेन्द्रगढ़ द्वारा भूमि संबंधी प्रकरण, गोयल राइस मिल निवासी कठोतिया द्वारा समिति में डीओ के विरुद्ध धान उपलब्ध न होने तथा प्रबंधक मालवीय नगर महिला विकास बहुउद्देशीय सेवा समिति चिरमिरी द्वारा शासकीय उचित मूल्य दुकान हल्दीबाड़ी आईडी क्रमांक 531001024 के वित्तीय वर्ष 2022-23 की मार्जिन मनी एवं वित्तीय पोषण प्राप्त न होने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किए गए।
कलेक्टर डी. राहुल वेंकट ने जनदर्शन में प्राप्त सभी आवेदनों को पूरी संवेदनशीलता एवं गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही कर शीघ्र एवं समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए।