छत्तीसगढ़ / गौरेला पेंड्रा मरवाही

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही : बने खाबो-बने रहिबो अभियान के तहत खाद्य प्रतिष्ठानों में की गई जांच, मिठाइयों के लिए गए नमूने

 लक्ष्मी गृह उद्योग में 50 किलो नारियल लड्डू मौके पर कराया गया नष्ट

छत्तीसगढ़ शासन के ’‘बने खाबो-बने रहिबो 2.0’ अभियान’’ एवं रक्षाबंधन पर्व को ध्यान में रखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के तहत जिले के होटल, रेस्टोरेंट, किराना एवं मिठाई दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण कर विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। जांच के दौरान आयुषी ट्रेडर्स गौरेला से कैंडी, सावन होटल गौरेला से पेड़ा, जैन स्वीट्स गौरेला से गुलाब जामुन, मां करणी जोधपुर मिष्ठान भंडार कोटमी से कलाकंद एवं कुंदा, स्वीट इंडिया रेस्टोरेंट पेण्ड्रा से बर्फी, तुलसी स्वीट्स पेण्ड्रा से पेड़ा, मनीष बाजार पेण्ड्रा से पेड़ा तथा जैन स्वीट्स पेण्ड्रा से रसगुल्ला एवं सोनपापड़ी के नमूने संकलित किए गए।
        निरीक्षण के दौरान शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में विक्रय की जा रही डिब्बाबंद मिठाइयों की भी जांच की गई। जांच के दौरान संजीव किराना स्टोर पेण्ड्रा से मगज लड्डू, अंशिका ट्रेडर्स मरवाही से नारियल लड्डू एवं मसूर पाक तथा लक्ष्मी गृह उद्योग मरवाही से नारियल लड्डू एवं नारियल बर्फी के नमूने लिए गए। इन नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला रायपुर भेजा गया है। अभिहित अधिकारी ने बताया कि मिथ्याछाप पाए जाने पर लक्ष्मी गृह उद्योग मरवाही से लगभग 50 किलोग्राम नारियल लड्डू को मौके पर ही नष्ट कराया गया। उन्होंने बताया कि जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए इस तरह की जांच कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। विभाग द्वारा त्योहारी सीजन में विशेष रूप से मिठाई एवं अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर निगरानी रखी जा रही है।

Leave Your Comment

Click to reload image