गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही : कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित
नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जनजागरूकता और शैक्षणिक संस्थानों में नशा मुक्ति क्लब गठन के निर्देश
कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट के अरपा सभा कक्ष में स्वापक औषधि एवं मनः प्रभावी पदार्थों के अवैध कारोबार पर नियंत्रण हेतु जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में मादक पदार्थों की प्रवृत्ति, अवैध खेती, परिवहन एवं तस्करी की रोकथाम के लिए विभिन्न विभागों के मध्य बेहतर समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई करने पर चर्चा की गई। कलेक्टर ने मादक पदार्थों के अवैध परिवहन एवं तस्करी पर सतत निगरानी रखने तथा जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने भांग, अफीम एवं गांजा की अवैध खेती की रोकथाम के लिए संबंधित विभागों को सतर्कता एवं समन्वय के साथ कार्य करने कहा।
कलेक्टर ने नशे के दुष्प्रभावों के प्रति व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश देते हुए कहा कि विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक नुकसान के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने शैक्षणिक संस्थानों में नशा मुक्ति क्लब गठित करने तथा नशा मुक्ति अभियान के माध्यम से आम नागरिकों को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाली हानियों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। बैठक में सभी मेडिकल स्टोर्स में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने तथा मदिरा दुकानों में भी सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने पेंड्रा स्थित मदिरा दुकान को उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने के संबंध में आवश्यक कार्यवाही करने कहा।
कलेक्टर ने पैथोलॉजी लैबस्, क्लीनिक एवं स्वास्थ्य केंद्रों से निकलने वाले मेडिकल अपशिष्ट पदार्थों का वैज्ञानिक एवं नियमानुसार समुचित निपटान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेडिकल वेस्ट के अनुचित निपटान से पर्यावरण एवं जनस्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को रोकने के लिए संबंधित संस्थानों की नियमित निगरानी की जाए। बैठक में वन मंडलाधिकारी श्री कुमार निशांत, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकेश रावटे, अपर कलेक्टर श्री दिलेराम डाहिरे, जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती सीमा गुप्ता सहित जिला स्तरीय समन्वय समिति के सदस्य एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।