सांसद श्री भोजराज नाग ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली
शहीदों के परिजनों का हुआ सम्मान, उत्कृष्ट कार्य करने वाले हुए सम्मानित
स्मारोह में देशभक्ति व लोक गीतों पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुति
रायपुर, 15 अगस्त 2025



राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस की 79वीं वर्षगांठ का जिला स्तरीय कार्यक्रम नरहरदेव शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय प्रांगण में पूरे उत्साह, हर्षोल्लास एवं गरिमामय ढंग से आयोजित किया गया। कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री भोजराज नाग ने राष्ट्रध्वज तिरंगा का ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का आमजनता के नाम संदेश का वाचन किया। तत्पश्चात पुलिस के जवानों के द्वारा हर्ष फायर किया गया 11 प्लाटूनों के द्वारा आकर्षक मार्चपास्ट किया गया। समारोह में विद्यालयीन छात्र-छात्राओं के द्वारा देशभक्ति एवं लोक गीतों पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय सेवकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस समारोह में सम्मानित किया गया।
इस दौरान कलेक्टर श्री निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर और एस.एस.पी. श्री इंदिरा कल्याण एलेसेला भी उपस्थित थे। परेड के निरीक्षण पश्चात मुख्य अतिथि सांसद श्री नाग ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का स्वतंत्रता दिवस पर जनता के नाम संदेश का वाचन किया। संदेश वाचन के बाद हर्ष एवं उमंग के प्रतीक गुब्बारे नील गगन में छोड़े गए। इसके बाद पुलिस बल के जवानों के द्वारा राष्ट्रगान की धुन के साथ हर्ष फायर किया गया। समारोह में परेड कमांडर उप पुलिस अधीक्षक सुश्री प्रतिभा लहरे के नेतृत्व मंे जिला पुलिस बल के पुरूष एवं महिला, नगरसेना, बस्तर फाइटर्स महिला, वन विभाग सहित विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के एनसीसी एवं एनएसएस कैडेट््स की कुल 11 प्लाटूनों के द्वारा लयबद्ध तरीके से कदमताल करते हुए आकर्षक मार्च पास्ट किया गया, जिसके उपरांत मुख्य अतिथि ने प्लाटूनों के दल प्रमुखों से परिचय प्राप्त किया तथा विभिन्न मोर्चों में अपने प्राणों की आहुति देने वाले जिले के 92 वीर जांबाज शहीद जवानों के परिजनों को मुख्य अतिथि के द्वारा शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा चारामा ब्लॉक के ग्राम गोटीटोला निवासी सेना आयुक्त कोर लांस नायक श्री अजय कुमार गोटी के 23 जून 2024 को शहीद हो जाने पर उनकी पत्नी श्रीमती सरला गोटी को मुख्य अतिथि श्री नाग द्वारा 20 लाख रूपए का चेक सहित शॉल एवं श्रीफल प्रदान किया गया।
स्वतंत्रता समारोह में 22 स्कूलों के 1200 छात्र-छात्राओं के द्वारा सामूहिक पी.टी. का प्रदर्शन किया गया। उसके बाद विद्यालयीन छात्र-छात्राओं के द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। केन्द्रीय विद्यालय कांकेर, शासकीय कन्या आवासीय विद्यालय गोविन्दपुर, शहीद रामकुमार कन्या विद्यालय कांकेर, शासकीय कन्या आश्रम सिंगारभाट, नरहरदेव शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांकेर तथा पैराडाइज विद्यालय कांकेर के छात्र-छात्राओं के द्वारा देशभक्ति गीतों तथा लोक गीतों पर आकर्षक ढंग से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इस दौरान पहली बार अश्वारोहियों के द्वारा घुड़सवारी का प्रदर्शन भी किया गया, जिसमें 07 अश्वारोहियों ने घोड़ों पर बैठकर प्रदर्शन किया। इसके बाद विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 77 शासकीय सेवकों सहित नागरिकों, सामाजिक प्रतिनिधियों का भी सम्मान प्रशस्ति-पत्र प्रदाय कर उन्हें स्मृति चिन्ह व मैडल भेंट किया गया।
मार्च पास्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दल का हुआ सम्मान
स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह के मार्च पास्ट में गैर शालेय वर्ग से बस्तर फाइटर्स महिला बल को प्रथम, जिला पुलिस बल पुरूष वर्ग को द्वितीय तथा वन विभाग ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार शालेय वर्ग से शहीद रामकुमार यादव कन्या विद्यालय के स्काउट गाइड् प्रथम, पंडित विष्णुप्रसाद शर्मा विद्यालय गोविंदपुर कांकेर के राष्ट्रीय सेवा योजना बालिका द्वितीय और पीएमश्री नरहरदेव विद्यालय के एनसीसी बालिका को तृतीय स्थान मिला। इसके अलावा गैर शालेय वर्ग से परेड कमाण्डर सुश्री प्रतिभा लहरे उप पुलिस अधीक्षक, सहायक परेड कमाण्डर श्री लक्ष्मीनारायण नामदेव उप निरीक्षक, श्रीमती भुनेश्वरी भगत बस्तर फाइटर्स तथा श्री दुर्गेश साहू एनएसएस को बेस्ट प्लाटून कमांडर की श्रेणी में सम्मानित किया गया।
इसी प्रकार सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शासकीय कन्या आश्रम सिंगारभाट के विद्यार्थियों नेे प्रथम स्थान प्राप्त कर जीत हासिल की। इसके अलावा पीएमश्री नरहरदेव उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ने द्वितीय तथा शहीद रामकुमार कन्या विद्यालय कांकेर के विद्यार्थियों ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जिन्हें मुख्य अतिथि सांसद श्री नाग, कलेक्टर एवं एसपी ने शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इसी तरह सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पैराडाइस उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांकेर, सुभाषचन्द्र बोस शासकीय छात्रावास गोविंदपुर तथा केन्द्रीय विद्यालय कांकेर को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर कांकेर विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री आशाराम नेताम, छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष श्री भरत मटियारा, जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी, नगर पालिका कांकेर के अध्यक्ष श्री अरूण कौशिक, पूर्व विधायक श्रीमती सुमित्रा मारकोले, जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री आनंद ध्रुव, पुलिस उप महानिरीक्षक कांकेर श्री अमित तुकाराम कांबले, अतिरिक्त जिला न्यायाधीश श्री भास्कर मिश्रा, डीएफओ श्री रौनक अग्रवाल, जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मण्डावी सहित प्रतिष्ठित एवं गणमान्य नागरिक व छात्र-छात्राए बड़ी संख्या में उपस्थित थे।