छत्तीसगढ़ / रायपुर

नवंबर माह में शुरू होगा धान खरीदी, कृषि मंत्री ने दी जानकारी...

 छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की तैयारी पूरी, नवंबर से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर पर होगी खरीद


रायपुर, । छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए राहतभरी खबर है। राज्य सरकार ने इस साल की धान खरीदी की पूरी तैयारी पूरी कर ली है। कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने जानकारी दी कि नवंबर माह से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू की जाएगी। सरकार अपने वादे के अनुरूप 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से किसानों से धान खरीदेगी।

 
 


मंत्री नेताम ने बताया कि इस बार राज्य में 160 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान खरीदी की संभावना है। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सरकार ने व्यापक स्तर पर व्यवस्था की है।

 


टोकन व्यवस्था होगी ऑनलाइन, “तुहर एप” से जारी होंगे टोकन
धान खरीदी में पारदर्शिता और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए इस बार किसानों को ऑनलाइन टोकन दिए जाएंगे। टोकन “तुहर एप” के माध्यम से जारी किए जाएंगे, जिससे किसान तय तारीख पर आसानी से अपना धान बेच सकेंगे।

 


राज्य सरकार की मंत्रिमंडलीय उप समिति ने बीते वर्ष सामने आई समस्याओं — जैसे बारदाना की कमी, टोकन वितरण में देरी और खरीदी केंद्रों की भीड़ — को ध्यान में रखते हुए इस बार नई व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है।

छोटे और सीमांत किसानों को प्राथमिकता
धान बेचने के लिए इस बार पहला अवसर छोटे और सीमांत किसानों को दिया जाएगा। इनमें वे किसान शामिल होंगे जिनके पास 2 से 10 एकड़ तक कृषि भूमि है। सरकार का उद्देश्य है कि सीमित संसाधनों वाले किसानों को पहले सुविधा मिले और उनकी उपज समय पर बिक सके।

खरीदी केंद्रों पर सख्त मॉनिटरिंग
सूत्रों के अनुसार, खरीदी केंद्रों पर इस बार रियल-टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम लागू किया जाएगा। इससे खरीदी की प्रगति और किसी भी समस्या की जानकारी तुरंत प्रशासन तक पहुँच सकेगी।

कृषि मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों से किए हर वादे को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार की खरीदी व्यवस्था किसानों के लिए सबसे सुगम और पारदर्शी होगी।

 

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image