छत्तीसगढ़ / गौरेला पेंड्रा मरवाही

बिहान समूह की अनूठी पहल : प्राकृतिक हर्बल गुलाल से सुरक्षित और रंगीन होगी होली त्यौहार

 गौरेला पेंड्रा मरवाही, 20 फरवरी 2026

होली के पर्व को इस बार जिले में खास और सुरक्षित बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल सामने आई है। पेंड्रा विकासखंड के पतगंवा गांव की लक्ष्मी महिला स्व सहायता समूह की महिलाएं रसायनमुक्त हर्बल गुलाल तैयार कर पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण का अनूठा उदाहरण पेश कर रही हैं। बिहान योजना से जुड़ी इन महिलाओं द्वारा पालक भाजी, चुकंदर के रस, गेंदे के फूल तथा अन्य प्राकृतिक फूलों से रंग निकालकर आकर्षक और पूरी तरह केमिकल मुक्त गुलाल तैयार किया जा रहा है। यह हर्बल गुलाल त्वचा के लिए सुरक्षित होने के साथ-साथ पर्यावरण के अनुकूल भी है, जिससे होली के दौरान होने वाले दुष्प्रभावों से बचाव संभव होगा।

        कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी के कुशल मार्ग दर्शन में समूह की महिलाएं सतत रूप से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रही हैं। समूह की महिलाओं ने बताया कि अब तक लगभग एक क्विंटल हर्बल गुलाल का उत्पादन किया जा चुका है। बाजार में बढ़ती मांग को देखते हुए उत्पादन और बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। इस पहल से जहां लोगों को सुरक्षित और प्राकृतिक रंग उपलब्ध हो रहे हैं, वहीं महिलाओं को अतिरिक्त आय का सशक्त माध्यम भी मिल रहा है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे ने बताया कि बिहान समूह की महिलाएं जिले में विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जुड़कर आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर हैं। उन्होंने कहा कि होली जैसे बड़े त्योहार पर हर्बल गुलाल का निर्माण न केवल स्वास्थ्य और पर्यावरण की दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक मजबूती का भी सशक्त उदाहरण है। आगामी मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में हर्बल गुलाल का स्टॉल लगाकर बिक्री की जाएगी, जिससे टीएल बैठक में उपस्थित अधिकारी-कर्मचारी अधिक से अधिक खरीदी कर सकें। इसके साथ ही बिहान मार्ट में भी यह हर्बल गुलाल आम नागरिकों के लिए उपलब्ध रहेगा।

Leave Your Comment

Click to reload image